ईस्ट इंडिया टाइम्स रिपोर्ट सौरभ अग्रवाल।
फिरोजाबाद/जिला पर्यावरण समिति, जिला वृक्षारोपण समिति, जिला गंगा समिति की संयुक्त रूप से एक बैठक का आयोजन कलेक्ट्रेट सभागार में किया गया। जिसमें, प्रभागीय वनाधिकारी विकास नायक ने बताया कि, वर्षाकाल 2025 के लिए वृक्षारोपण का लक्ष्य जनपद में कुल 70 लाख निर्धारित किया गया है। शासन द्वारा आवंटित लक्ष्य 3916580 है। जबकि, जिलाधिकारी ने इस लक्ष्य में 3083420 की बढ़ोतरी करते हुए पौध रोपण के लिए जनपद को कुल लक्ष्य 70 लाख निर्धारित किया है। वन विभाग को 16 लाख और अन्य विभाग को 54 लाख वृक्षारोपण करना है। प्रभागीय वनाधिकारी ने कहा है कि, लक्ष्य के सापेक्ष सभी विभाग गड्ढा खुदान कर लें।
उन्होंने यह भी अवगत कराया कि, सहकारिता विभाग को छोड़कर किसी भी विभाग की प्रगति प्राप्त नहीं हुई है। सभी विकासखण्डों में मियांवांकी पद्धति से वृक्षारोपण किया जाना है। इसके लिए सभी खंड विकास अधिकारी प्रतिबद्धता के साथ इस कार्य को अवश्य कराएं। वृक्षारोपण के लिए ग्राम लिंक मार्गो के किनारे, नदियों के किनारे, खासकर सिरसा नदी के किनारे, सामुदायिक भूमि पर, राजकीय परिसरों की भूमि पर, स्कूल, कॉलेज, शिक्षण संस्थानों के आसपास, पंजीकृत किसानों द्वारा 10 पौधें प्रति किसान रोपण आदि स्थानों का चयन किया जा सकता है। इसके अलावा जन सामान्य के सहयोग से भी वृक्षारोपण कराया जाएगा।
बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व विशु राजा, जिला विकास अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, डीसी मनरेगा, सभी खंड विकास अधिकारी, नगर पालिकाओं के अधिशासी अधिकारी एवं जन आधार कल्याण समिति सचिव प्रवीन कुमार शर्मा सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।