देवरिया-
सीतापुर में आयोजित उत्तर प्रदेश शतरंज चैंपियनशिप–2025 में जनपद की दो होनहार बालिकाओं — अव्याना ढिल्लो एवं अद्विका ढिल्लो ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जनपद का गौरव बढ़ाया। उनकी इस उपलब्धि के लिए जिला ओलंपिक संघ के तत्वावधान में आयोजित सम्मान समारोह में सदर विधायक डॉ. शलभ मणि त्रिपाठी ने दोनों बाल प्रतिभाओं को सम्मानित किया।सदर विधायक ने कहा कि अव्याना और अद्विका की यह उपलब्धि जनपद देवरिया के लिए गर्व का क्षण है। इतनी कम उम्र में जो मुकाम हासिल किया है, वह उनके उज्ज्वल भविष्य का संकेत है। दोनों बेटियों ने देश-दुनिया में जनपद का नाम रोशन करने की पूरी क्षमता है प्रदेश में खेलों के लिए उत्तम वातावरण तैयार किया गया है, जिससे खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के बेहतरीन अवसर मिल रहे हैं।
जिलाधिकारी श्रीमती दिव्या मित्तल ने इस अवसर को अत्यंत भावुक पल बताते हुए कहा कि बच्चों को उत्कृष्ट प्रदर्शन करते देखना हर अभिभावक के लिए सबसे बड़ी खुशी होती है इस उपलब्धि के लिए वह ईश्वर की आभारी हैं और यह सम्मान बच्चों को भविष्य में और बेहतर करने की प्रेरणा देगा। डीएम ने बेटियों का सम्मान समारोह आयोजित करने के लिए सदर विधायक डॉ शलभ मणि त्रिपाठी का आभार व्यक्त किया। जीवन में बड़ा मुकाम हासिल करने के लिए हार का डर मन से निकालना होगा। निरंतर अभ्यास ही सफलता की कुंजी है। छोटी-छोटी असफलताओं से घबराना नहीं चाहिए, क्योंकि हार के बाद जीतने वाला ही सच्चा विजेता होता है। दोनों बच्चियों के पिता गगनदीप सिंह ढिल्लो ने बेटियों की उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त किया ये उनके लिए गौरव का क्षण है।
अव्याना ढिल्लो ने अंडर-7 वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त कर राज्य स्तर पर जनपद का परचम लहराया, वहीं अद्विका ढिल्लो ने अंडर-9 वर्ग में प्रदेश में पाँचवां स्थान प्राप्त किया। यह दोनों बेटियों का पहला राज्य स्तरीय टूर्नामेंट था और उल्लेखनीय बात यह है कि उन्होंने महज चार माह पहले ही शतरंज खेलना शुरू किया है। इस सम्मान समारोह में जिला क्रीड़ा अधिकारी श्री अनुराग श्रीवास्तव, जिला ओलंपिक संघ के अध्यक्ष संजय कनोडिया, सचिव अजय जायसवाल, उपाध्यक्ष राहुल मणि त्रिपाठी सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।