ईस्ट इंडिया टाइम्स राजेन्द्र सिंह धुऑंधार

कन्नौज। देर रात सड़क दुर्घटना में स्कूटी सवार की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गई। घटना की जानकारी पर परिजनों में कोहराम मच गया।
जानकारी के मुताबिक कन्नौज जिले के सदर कोतवाली के सरायमीरा निवासी 29 वर्षीय शिवम पुत्र हरपाल सिंह फोटोग्राफी का कार्य करते थे। बीते शुक्रवार को तिर्वा में किसी कार्य से शिवम आये थे। देर रात अपना कार्य निपटाने के बाद वापस शिवम अपने कन्नौज स्थित घर जाने के लिये रवाना हुये। जैसे ही शिवम तिर्वा कन्नौज मार्ग पर टिडियापुर गांव के निकट पहुंचे, इसी दौरान किसी तेज रफ्तार वाहन ने शिवम की स्कूटी को टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद जहां टक्कर मारने वाला वाहन चालक भाग निकलने में सफल हो गया वहीं दुर्घटना में शिवम गंभीर रूप से लहूलुहान होने के कारण सड़क किनारे पड़ा रहा। रात्रि में गस्त कर रही पुलिस ने घटनास्थल स्थित सड़क पर जब स्कूटी और शिवम को पड़ा देखा, तो उपचार हेतु मेडिकल कॉलेज तिर्वा भिजवाया। यहां डाक्टरों ने शिवम को मृत घोषित कर दिया। रात्रि का समय होने के कारण शव को मोर्चरी में रखवा दिया गया। शव की तलाशी के दौरान पहचानपत्र मिलने के बाद युवक की पहचान शिवम के रूप में हुई। मामले की जानकारी से परिजनों को अवगत कराया गया।
दुर्घटना में शिवम की मौत का समाचार मिलने पर परिजनों में हड़कंप मच गया, जिसके बाद परिजन तिर्वा मेडिकल कॉलेज पहुंचे। यहां शिवम के शव पर परिजनों के करुण क्रंदन का सिलसिला जारी था। मामले में पुलिस ने घटनाक्रम की जांच पड़ताल शुरू कर दी थी।
शनिवार की सुबह शिवम के शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम हेतु भेजा था।