ईस्ट इंडिया टाइम्स राजेन्द्र सिंह धुऑंधार
कन्नौज। बीते रविवार की दोपहर 3 बजे के करीब बोलेरो कार सवार तीन बदमाशों द्वारा ठठिया थाना क्षेत्र के गांव बस्ता में एक खेत के निकट स्थित झोपड़ी के निकट खेल रहे एक चार वर्षीय बच्चे के कथित अपहरण का मामला सामने आया था।
घटना में बच्चे की 65 वर्षीय दादी देवकी देवी द्वारा विरोध करने पर बदमाशों ने उनके साथ भी मारपीट की थी। जिससे दादी गंभीर रूप से घायल हो गईं थीं। ठठिया थाना क्षेत्र के बस्ता गांव निवासी गोविंद कश्यप का चार वर्षीय बेटा विवेक अपने पिता के दिल्ली में नौकरी करने के कारण अपने बाबा 67 वर्षीय रमेश कश्यप और दादी देवकी देवी के साथ गांव में रहता है। घटना में यह भी प्रकाश में आया था, कि विवेक की मां बीते करीब तीन वर्ष पूर्व कहीं चली गई थीं।
बीते रविवार की दोपहर जब उपरोक्त गांव स्थित एक खेत के निकट स्थित झोपड़ी के पास जब विवेक खेल रहा था, तभी उसके बाबा दादी के मुताबिक एक बोलेरो कार सवार तीन लोगों ने विवेक का अपहरण कर लिया। विवेक को बोलेरो सवार बदमाशों से बचाने के प्रयास में अपहरण बच्चें की दादी देवकी देवी भी घायल हो गई थीं।
घटनाक्रम की सूचना पर मौके पर ग्रामीणों की भीड़ पहुंची थी, जिसके बाद थाना पुलिस को भी मामले की सूचना दी गई थी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल देवकी को उपचार के लिये तिर्वा मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया था। वहीं विवेक के अपहरण को लेकर पुलिस जांच कर रही है। थाना प्रभारी विजय सिंह के मुताबिक पूरे घटनाक्रम की जांच जारी है, जल्द ही मामले का खुलासा किया जायेगा। घटना कि पृष्ठभूमि में पता चला है, कि विवेक के लापता होने के मामले में उसकी मां रीना देवी जो बीते वर्ष घर छोड़कर चली गई थीं, उनके द्वारा ही घटना को अंजाम दिलाये जाने का प्रयास किया गया। यह भी पता चला है कि इससे पहले भी रीना देवी अपने बेटे विवेक को ले जाने का प्रयास कर चुकी हैं।
फिलहाल पूरा मामला संदेह के घेरे में है, जांच पड़ताल जारी है,थाना प्रभारी द्वारा जल्द ही घटनाक्रम के खुलासे की बात कही गई है।