ईस्ट इंडिया टाइम्स

रिपोर्ट विरेन्द्र तोमर
बागपत/ बडौत/ बिनौली थाना क्षेत्र के सिरसाली गांव के ग्राम प्रधान धर्मेंद्र तोमर की हत्या में शामिल फरार चल रहे दो आरोपियों को पुलिस ने हरिद्वार से गिरफ्तार कर लिया। उधर घटना में प्रयुक्त पिस्तौल बरामद करते समय एक आरोपित ने दरोगा की पिस्तौल छीन कर भागने का प्रयास किया, तो वह पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों का चालान कर बागपत न्यायालय में पेश किया है।
सिरसली गांव में 14 मई की शाम टेंपो स्टैंड पर सेवानिवृत दरोगा तेजवीर सिंह के मकान पर ताश खेलते समयग्राम प्रधान धर्मेंद्र तोमर की बाइक पर सवार होकर
आए हिस्ट्रीशीटर आयुष व उसके साथी नवनीत ने गोलियों से भूनकर हत्या कर दी थी। घटना की रिपोर्ट प्रधान के छोटे भाई गजेंद्र ने हिस्ट्रीशीटर भाईयों, उसके दादा, साथी नवनीत व एक अज्ञात के खिलाफ दर्ज कराई थी। पुलिस ने घटना में नामजद हिस्ट्रीशीटर के दादा निर्भय सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। जबकि दो लोगों को आरोपियों को शरण देने के जुर्म में गिरफ्तार कर लिया था। आरोपी आयुष हरिद्वार न्यायालय में पेश होकर जेल चला गया था। पुलिस घटना में फरार चल रहे दो इनामी आरोपियों की तलाश में लगी हुई थी। इंस्पेक्टर शिवदत्त ने बताया कि शनिवार सुबह गुप्त सूचना के आधार पर जनपद की स्वाट टीम व बिनौली पुलिस ने हरिद्वार में सिडकुल थाना क्षेत्र में दबिश देकर थाने के पास से फरार चल रहे नवनीत पुत्र सतबीर निवासी बेगमपुर हरे जनपद बिजनौर व अर्जुन पुत्र सत्येंद्र निवासी सिरसली को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी नवनीत को लेकर पुलिस हत्या में प्रयुक्त पिस्तौल बरामद करने सिरसली के जंगल में रजवाहे के किनारे एक बाग में पहुंची। जहां आरोपी ने पिस्तौल बरामद करा दिया। इसी दौरान आरोपी नवनीत एक दरोगा दुर्गेश कुमार का पिस्टल निकाल कर भाग निकला। इस दौरान उसने उस पिस्टल से फायर भी किया। पुलिस टीम ने पीछा कर मुठभेड़ में नवनीत को गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान नवनीत के पैर में गोली लग गई। पुलिस ने दोनों का चालन कर बागपत न्यायालय में पेश किया। जहां से दोनो को न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया।