ईस्ट इंडिया टाइम्स राजेन्द्र सिंह धुऑंधार

कन्नौज। अपनी साली के घर से करीब आधा किलोमीटर दूर एक खेत में 35 वर्षीय युवक ने अंगौछे के सहारे फांसी का फंदा लगाकर मौत को गले लगा लिया। मृतक अपना और अपने परिवार का पेट पालने के लिये बाहर रहकर ट्रक चलाता था। कुछ दिन पूर्व मृतक अपनी पत्नी बच्चों के साथ अपनी साली के घर आया था।
घटना की सूचना पर परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना के बाद मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने
घटना की जांच पड़ताल शुरू करते हुये मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया है।
जानकारी के मुताबिक ठठिया थाना क्षेत्र के जनखत ग्रामसभा के लुंजीपुर बगवा गांव निवासी 35 वर्षीय विमलेश पुत्र डिप्टी राजपूत बाहर रहकर ट्रक चलाकर अपना और परिवार का गुजर बसर करता था। बीते चार दिन पूर्व विमलेश अपनी रिश्तेदारी लिलुइया मौजा के बद्धापुर्वा गांव में ब्याही अपनी साली मालती देवी पत्नी शिव सिंह पुत्र बत्तूलाल के यहां अपनी पत्नी पूजा और दो बच्चों जिनमें बेटी रोनम 5 वर्ष और पुत्र पारस 3 वर्ष के साथ आया था।
बताते चलें कि उपरोक्त गांव में ब्याही साली मालती के अलावा निकट ही करीब एक किलोमीटर से कम दूरी के अंतराल पर दौलतपुर गांव में विमलेश की एक और साली प्रदीप को ब्याही है।
मालती के पति शिवसिंह गुड़गांव रहकर प्राइवेट कार्य करते हैं और अक्सर वहीं रहते हैं। गांव स्थित घर पर भी शिवसिंह का कम आना जाना है।
साली के घर आये बिमलेश गुरुवार की रात किसी समय घर के निकल गये, जिसकी खबर किसी को नहीं हुई।
यहां यह भी जानकारी हुई कि, विमलेश साली के घर आने के बाद भी अक्सर घर के बाहर खेत पर लेटते थे।
शुक्रवार की सुबह दैनिक क्रिया को निकले ग्रामीणों का शोर मचा तो गांव में हड़कंप मच गया।
ग्रामीणों ने बद्धापुर्वा और ककरहा जाने वाले रास्ते पर स्थित रामदत्त के खेत पर खड़े एक नीम के पेड़ से अंगौछे के सहारे एक युवक का शव फांसी के फंदे से लटकता पाया।
घटना की सूचना शिवसिंह के घर पर रह रही उनकी पत्नी और अन्य परिजनों के अलावा विमलेश की पत्नी को हुई तो परिजन घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े।
पेड़ के सहारे लटक रहे शव की पहचान विमलेश के रूप में हुई तो परिजनों के रोने बिलखने का सिलसिला शुरू हो गया। पत्नी और बच्चों का रो रो कर बुरा हाल था।
मामले की जानकारी के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू कर दी थी। वहीं मृतक के शव को पोस्टमार्टम हेतु भेजने की प्रक्रिया पुलिस द्वारा पूरी की जा रही थी।
घटनाक्रम की पृष्ठ भूमि में पता चला है कि, मृतक का अपनी पत्नी से अक्सर शराब पीने को लेकर विवाद भी होता रहता था।इसके अलावा साली के परिवार में भी कुछ अनबन के चलते विमलेश रिश्तेदारी में आने के बाद भी साली के घर नहीं रुक पाता था और बाहर खेत पर ही लेटता था। वहीं मृतक की पत्नी पूजा का कहना था, कि रिश्तेदारी के संबंधों में कोई बात नहीं थी, लेकिन विमलेश हमको परेशान और अक्सर विवाद करते थे।
फिलहाल पूरा मामला अभी जांच की प्रक्रिया से गुजर रहा है।