ईस्ट इंडिया टाइम्स राजेन्द्र सिंह धुऑंधार

कन्नौज। भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा का शुभारंभ 27 जून से हो गया। कन्नौज जिले के तिर्वा नगर में प्रभु की भव्य शोभायात्रा बैंड बाजों की धुनों पर निकाली गई। पवित्र यात्रा के दौरान भगवान जगन्नाथ अपनी बहन सुभद्रा और भाई बलभद्र के साथ अपनी मौसी गुंडिचा के मंदिर के लिये प्रस्थान किये। बताया जाता है कि यहां प्रभु कुछ दिन निवास करने के बाद वापस अपने धाम पहुंचते हैं, इसके अलावा आगामी 8 जुलाई को नीलाद्री विजय के साथ इसका समापन होगा।
प्रभु की शोभायात्रा को शुक्रवार को तिर्वा नगर में धूमधाम से निकाला गया। सुबह भगवान के राम जानकी मंदिर में आरती के बाद प्रभु को रथ पर बिराजमान किया गया। इसके बाद प्रभु की यात्रा नगर के राम जानकी मंदिर से शाम 4 बजे शुरू हुई। बैंडबाजे की धुनों पर यात्रा तिर्वा नगर के सर्राफा बाजार होते हुये मुख्य तिर्वा कन्नौज मार्ग पर गांधी चौक से होते हुये खैरनगर मार्ग पर उप मंडी समिति के आगे स्व. मुन्ना लाल दुबे की बगिया स्थित मंदिर पर पहुंचकर पूरी हुई।
यात्रा की अगवानी नगर के मुख्य मार्ग से लेकर सर्राफा गली समेत सभी जगहों पर दुकानदारों, गृहस्थों, सहित श्रद्धालुओं ने प्रभु को पुष्प वर्षा और भोग लगाकर की।
नगर के जिन मार्गों से होकर यात्रा निकाली गई वहां साफ सफाई भी की गई। बैंड बाजों और घंटे की धुनों पर निकाली गई यात्रा देखने को बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
सिद्धपीठ रामेश्वरम धाम मंदिर के पुजारी,राम जानकी मंदिर के पुजारी से लेकर राम औतार श्रीवास्तव मनवसिया, रविन्द्र कन्नौजिया, महेश पांडेय, नरेंद्र गुप्ता मालिक, कल्लू सुनार, लाला बिजली वाले, दिनेश शर्मा, प्रदीप गुप्ता, राजेश गुप्ता, सर्वेश गुप्ता, मनीष गुप्ता सहित कई लोग मौजूद रहे।