ईस्ट इंडिया टाइम्स राजेन्द्र सिंह धुऑंधार


कन्नौज। उत्तर प्रदेश सरकार की नीतियों के खिलाफ जिले के सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में कलेक्ट्रेट मुख्यालय पर पहुंचकर धरना प्रदर्शन करते हुये जमकर नारेबाजी की।
राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन भी सपाइयों ने जिलाधिकारी को सौंपा।
जन समस्याओं को लेकर सपा हाई कमान के आवाहन पर जिले के सपा नेताओं ने शनिवार को वर्तमान सरकार के खिलाफ प्रदर्शन की तैयारी की थी। शनिवार को तय रणनीति के अनुसार बड़ी संख्या में सपाई कलेक्ट्रेट मुख्यालय पर पहुंचे। यहां जिलाधिकारी कार्यालय के सामने सपाइयों का हुजूम नारेबाजी करते हुये धरने पर बैठ गया। नारेबाजी के साथ प्रदेश सरकार की नीतियों के खिलाफ सपाइयों ने जोरदार प्रदर्शन किया।
जिलाध्यक्ष कलीम खान की अगुवाई में आयोजित प्रदर्शन में सपा नेताओं का कहना था कि, सरकार स्कूलों को मर्ज कर रही है, जिसके कारण गरीब और गांव के बच्चों को अपनी शिक्षा पाने को लेकर मुश्किलों का सामना करना पड़ेगा। शिक्षा के लिए अब बच्चों को दूर तक जाना पड़ेगा, जबकि इस स्कूलों तक पहुंचने के लिए सरकार ने कोई कदम नहीं उठाया है। स्कूलों को मर्ज करना सरकार का एक जनविरोधी कदम है, जिसके खिलाफ पार्टी के लोग अपना विरोध जता रहे हैं। सपा नेताओं का यह भी आरोप था कि जिले से लेकर प्रदेश में खाद की कालाबाजारी का सिलसिला जारी है,
किसानों को खाद नहीं मिल पा रही है, जबकि धन्ना सेठ खाद की बिक्री करके खुली कालाबाजारी करने में लगे हैं। यह सब जानते हुए भी सरकार में बैठे लोग कोरे दावे करने से नहीं चूक रहे हैं।
प्रदर्शनकारी सपा नेताओं का यह भी आरोप था कि जिले में बिजली व्यवस्था बदहाल है, किसानों को समय से बिजली नहीं मिल पा रही है, जिसके कारण उनके सामने सिंचाई का संकट खड़ा है। विद्युत संचालित व्यापार चौपट हैं, इसके बाद भी बिजली व्यवस्था को पटरी पर नहीं लाया जा पा रहा है।
गरीब और पीड़ित को इस सरकार में न्याय नहीं मिल पा रहा है, थानों में दलाली और भ्रष्टाचार चरम सीमा पर है, विकास कार्य ठप पड़े हुए हैं, आम जन के अधिकारों को छीनने का कार्य इस सरकार में किया जा रहा है। सपा नेताओं का कहना था कि,
उपरोक्त समस्याओं के निस्तारण को लेकर समाजवादी पार्टी जनहित में धरना प्रदर्शन कर रही है। प्रदर्शन के दौरान सपा नेताओं ने राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन भी जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री को सौंपा। प्रदर्शन में जिलाध्यक्ष कलीम खान, जिला प्रभारी अनिल सिंह यादव, पूर्व विधायक कल्यान सिंह दोहरे, अनिल पाल आदि कई नेताओं ने अपनी बात रखी। इस दौरान राजेश यादव पूर्व जिला पंचायत सदस्य, जय कुमार तिवारी, सन्तोष यादव पूर्व जिला पंचायत सदस्य, इंद्रेश यादव जिला पंचायत सदस्य, रचना सिंह,विवेक यादव, यश दोहरे, हबीब हसन, प्रबल प्रताप सिंह, कमलेश कटियार, सरोजनी कुशवाहा जिला पंचायत सदस्य, आकाश शाक्य, आशीष यादव युवा सपा नेता सहित बड़ी संख्या में सपाई मौजूद रहे।