नारी सुरक्षा और सम्मान सर्वोपरि : डीएम

बाल वैज्ञानिक, किसान, पुलिस कर्मी, सामाजिक कार्यकर्ताओं को किया गया सम्मानित

रिपोर्ट संदीप वर्मा बाराबंकी
बाराबंकी। शहर स्थित रिजर्व पुलिस लाइन्स में सोमवार को मिशन शक्ति फेज-05 के अंतर्गत महिला सशक्तिकरण कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर नारी सुरक्षा, नारी सम्मान और नारी स्वावलंबन के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया।

सम्मानित हुईं विभिन्न क्षेत्रों की महिलाएं

कार्यक्रम में बाल वैज्ञानिक पूजा पाल, महिला पुलिस कर्मियों, महिला कृषकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, अध्यापिकाओं, मेडिकल अधिकारियों, आशा बहुओं, स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और वार्डेन सहित विभिन्न क्षेत्रों में योगदान देने वाली महिलाओं को प्रशस्ति पत्र व स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। बालिकाओं और छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से समाज को महिला सुरक्षा, आत्मनिर्भरता और महिला कानूनों की जानकारी दी।

महिला सशक्तिकरण को मिली नई दिशा

जिला पंचायत अध्यक्ष राजरानी रावत ने कहा— “नारी शक्ति ही समाज और राष्ट्र की वास्तविक ताकत है। गांव-गांव की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना मोदी जी और योगी जी की प्राथमिकता है। आज सम्मानित होने वाली प्रत्येक महिला आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत हैं। सशक्त नारी समृद्ध प्रदेश की पहचान है।

नारी सुरक्षा और सम्मान सर्वोपरि : डीएम

जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने कहा— “इस कार्यक्रम के माध्यम से सरकार का स्पष्ट संदेश है कि बिना नारी सुरक्षा और सम्मान के समाज का सर्वांगीण विकास संभव नहीं। मिशन शक्ति का यह चरण महिलाओं के आत्मविश्वास को नई उड़ान देगा। प्रशासन हर कदम पर महिलाओं के साथ खड़ा है।

कानून की ताकत नारी के साथ : एसपी

पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने कहा— “पुलिस विभाग महिलाओं की सुरक्षा के लिए हर स्तर पर प्रतिबद्ध है। महिलाओं के खिलाफ अपराध करने वालों को किसी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। नारी सशक्तिकरण तभी संभव है जब वह भयमुक्त वातावरण में जीवनयापन करें।

नारी ही सृजन की आधारशिला

कार्यक्रम का समापन नारी सशक्तिकरण के संकल्प और “सशक्त नारी, समृद्ध प्रदेश” के नारे के साथ हुआ। उपस्थित अतिथियों ने एक स्वर में कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग को यह सुनिश्चित करना होगा कि बेटियां सुरक्षित और आत्मनिर्भर रहें।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *