रिपोर्ट राजेन्द्र सिंह धुऑंधार

कन्नौज। इंदरगढ़ थाना क्षेत्र के हसेरन में मायके और ससुराल पक्ष के बीच मारपीट का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, बदायूं जिले के मेहू गांव निवासी जवर सिंह अपनी बेटी रेखा को लेने ससुराल आए थे। रेखा का ससुराल सौरिख क्षेत्र में है। रेखा के पति अर्जुन ने पत्नी को मायके भेजने से साफ इनकार कर दिया। रेखा ने भी बताया कि उसके पति की तबीयत ठीक नहीं रहती, इसलिए वह ससुराल में ही रहना चाहती है। इसके बावजूद मायके पक्ष जबरन उसे लेकर जाने का प्रयास करने लगा। अर्जुन का कहना है कि पहले भी मायके वाले रेखा को लेकर जाते थे और लंबे समय तक वापस नहीं भेजते थे। इसी आशंका से वह पत्नी को लेकर सौरिख से हसेरन स्थित अपने दादी के घर बरौली आया था।
मामले की जानकारी मिलने पर मायके वाले वहां पहुंच गए। दोनों पक्षों के बीच ब्लॉक कार्यालय व चौकी गेट के सामने बीच चौराहे पर तीखी नोकझोंक के बाद हाथापाई शुरू हो गई। स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। घटना के दौरान किसी ने वीडियो बना कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। हालांकि वायरल वीडियो की पुष्टि ईस्ट इंडिया टाइम्स नहीं करता।
इंदरगढ़ थाना प्रभारी नीलम सिंह ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच में तथ्य पाए जाने पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यह घटना पारिवारिक विवाद से बढ़ते तनाव का उदाहरण है, जिसे समय रहते सुलझाना जरूरी है। स्थानीय पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।