रिपोर्ट सुधीर सिंह।

कायमगंज/फर्रुखाबाद।
नगर क्षेत्र के नई बस्ती रोड स्थित विद्यालय एच.ओ.अकैडमी, कायमगंज में शिवशक्ति अखाड़ा कायमगंज द्वारा एक कार्यशाला का आयोजन किया गया। जिसमें छात्र-छात्राओं को संस्कार युक्त शिक्षा देने पर बल दिया गया। उक्त कार्यक्रम में ऋतिक शरण सन्यासी (शिव शक्ति अखाड़ा) ने बच्चों को संबोधित करते हुए बताया कि हमारे महापुरुषों से प्रेरणा लेकर देश एवं समाज की सेवा का भाव रखते हुए बच्चों में संस्कार युक्त शिक्षा दी जाए। यही बच्चे इस देश का भविष्य हैं, अत : इनमें चरित्र निर्माण एवं संस्कार युक्त शिक्षा का होना बहुत जरुरी है। महापुरुषों से जुड़ी अनेकों बातों का उल्लेख करते हुए संस्कारों एवं देशभक्ति का भाव भरने का प्रयास किया। कायमगंज भाजपा नगर मंत्री श्रीमती प्रगति तिवारी द्वारा ये कार्यक्रम आयोजित किया गया। उन्होंने अपने वक्तव्य में कहा कि समाज निर्माण से राष्ट्र निर्माण तक की प्रक्रिया में नैतिकता, देश-प्रेम व समाज-सेवा आदि अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए विद्यालय के कार्यों की सराहना की। कार्यक्रम में उपस्थित भाजपा नेता डॉ. अरशद मंसूरी ने ए.पी.जे. अब्दुल कलाम से प्रेरणा लेने हेतु बच्चों को प्रेरित किया। शिवशक्ति अखाड़ा कायमगंज के आकाश द्वारा किए जा रहे समाज सेवा के कार्यों की सराहना करते हुए तथा आए हुए अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए विद्यालय के प्रधानाचार्य शिवकांत शुक्ल ने विद्यालयों में गिरती शिक्षा के स्तर पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि समाज और राष्ट्र के उत्थान में संस्कार युक्त शिक्षा का नितांत अभाव होता जा रहा है। संस्कारयुक्त शिक्षा से व्यक्ति निर्माण एवं राष्ट्र निर्माण के द्वार खुलते हैं।
इस अवसर पर अजीत सिंह, असमी खान, दिव्या पाल, परवेज़ आलम, सौरभ चतुर्वेदी, विपिन पाठक, आन्या शाक्य, असमी खान, गोल्डी कौशल, मेहर नाज, ज्योति शर्मा, साकेत कुमार, हितेश मिश्रा, शाहिद आदि लोग उपस्थित रहे।