ईस्ट इंडिया टाइम्स राजेन्द्र सिंह धुऑंधार

कन्नौज। मकरंदनगर नगर में समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता व कन्नौज सदर से पूर्व चेयरमैन सुनील कुमार गुप्त के प्रतिष्ठान पर आयोजित कार्यक्रम में सपा मुखिया अखिलेश यादव ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि वह कन्नौज में सम्राट हर्षवर्धन, राजमाता अहिल्याबाई की सोने की प्रतिमा लगवाएंगे और महाराणा प्रताप की प्रतिमा में भाला सोने का होगा। भाजपा के लोग अभी से उसका विरोध करने लगे हैं। उन्होंने सरकार की स्कूलों के प्रति निति के बारे में कहा कि सपा इस फैसले का विरोध करती है। सरकार नौकरी छीन रही है और आरक्षण न देना पड़े, इसलिए इस प्रकार के कृत्य किए जा रहे हैं। सरकार बेटियों को शिक्षा से दूर करना चाहती है। यदि स्कूल दूर होंगे तो सरकार के पास पब्लिक ट्रांसपोर्ट की क्या व्यवस्था है। सड़कों के गड्ढामुक्त होने के सवाल पर चुटकी लेते हुए कहा कि जब तक भाजपा के लोगों को नाश्ता-पानी न मिले, तब तक सड़काें की सेहत दुरुस्त नहीं हो सकती है। लोग डामर उखाड़ कर ले जा रहे हैं। कन्नौज जिले में भी कुछ इसी तरह की घटना हुई है। भाजपा में महंगाई-बेरोजगारी व भ्रष्टाचार चरम पर है तो कानून-व्यवस्था पूरी तरह तरह ध्वस्त हो चुकी है। भाजपा शासन में इंजन के बाद अब डिब्बे भी आपस में टकरा रहे हैं। अफसरों में आपस में पटरी नहीं खा रही है तो मंत्री-विधायक भी आपस में टकरा रहे हैं। जनता को बिजली नहीं मिल पा रही है। बिजली-विभाग और स्वास्थ्य विभाग में आपस में लड़ाई हो रही है। एक जिले में बिजली विभाग ने अस्पताल की बिजली काट दी, जिससे डायलिसिस करा रहे मरीज की मौत हो गई। पुलिस की वसूली की शिकायतें मिल रहीं है। यह सरकार के जाने का वक्त है, इसलिए लूट-खसोट मची हुई है। लोग अब ट्रांसफर-पोस्टिंग के जरिए पैसा कमाने में लगे हुए हैं।
सपा मुखिया अखिलेश यादव ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश में सपा की सरकार बनने पर गरीबों को तांगा और ई-रिक्शा मुफ्त में दिए जाएंगे। जितने भी काम करने वाले लोग हैं, सपा सरकार बनने पर उनकी मदद की जाएगी। इस दौरान सपा जिलाध्यक्ष कलीम खां, पूर्व विधायक कलियान सिंह दोहरे, अरविंद सिंह यादव, ताहिर हुसैन सिद्दीकी, मनोज दीक्षित ननकू, अनिल पाल, जयकुमार तिवारी बउअन, राजेश यादव पूर्व जिला पंचायत सदस्य, यश दोहरे, हसीब हसन, नाजिम खान, प्रशान्त पाण्डेय , सन्तोष यादव, विरेन्द्र कटियार नातेदार, नीरज सिंह जिलाध्यक्ष बाबा साहब अम्बेडकर वाहिनी समेत कई सपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।