ईस्ट इंडिया टाइम्स रिपोर्ट रूपक त्यागी



मुरादाबाद-
तीन माह पहले जिस युवक ने अपनी प्रेमिका को पत्नी बनाकर एक साथ जीने मरने की कसमें खाई थीं, उसी युवक ने आपसी विवाद के चलते फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। शादी के बाद से ही दंपति के बीच विवाद रहता था। इसी के चलते युवक ने आत्महत्या कर ली और उसका शव चिकित्सक पिता की क्लिनिक में लटका मिला। जबकि, युवक के परिजनों ने मृतक की पत्नी और उसके भाइयों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने मृतक के पिता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के मुताबिक, ठाकुरद्वारा के काशीपुर रोड के रहने वाले जुनैद (21) का 3 माह पहले रूबी से प्रेम विवाह हुआ था। शादी के बाद से ही दोनों के बीच विवाद चल रहा था। घटना से एक दिन पहले भी दोनों के बीच काफी झगड़ा हुआ था, जिसके बाद रूबी अपने मायके चली गई थी। एक बार फिर दोनों के बीच विवाद हुआ जिसके बाद जुनैद ने काशीपुर रोड स्थित चिकित्सक पिता के क्लिनिक पर संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। फांसी लगाने से पहले जुनैद ने रूबी को व्हाट्सएप वीडियो कॉल भी किया था।
मृतक जुनैद के पिता पेशे से डॉक्टर हैं। उनकी ठाकुरद्वारा के काशीपुर रोड स्थित शिफा हेल्थ क्लिनिक के नाम क्लिनिक है। मृतक जुनैद पिता के साथ ही क्लिनिक पर रहकर प्रेक्टिस कर रहा था। मृतक के परिवार में 3 भाई और 2 बहनें भी है।
पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि जुनैद की मौत आत्महत्या थी या हत्या। जांच के बाद ही इस मामले में कुछ स्पष्ट हो पाएगा। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम की मदद से घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।
इस मामले में पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है। जिसमें प्रेम विवाह के बाद के विवाद और परिवार के सदस्यों की भूमिका भी शामिल है। पुलिस की जांच में यह भी देखा जा रहा है कि कहीं जुनैद ने आत्महत्या तो नहीं की थी, या फिर उसकी हत्या की गई थी। जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और परिजनों के बयान दर्ज किए हैं।
थाना प्रभारी ठाकुरद्वारा जसपाल सिंह ग्वाल ने बताया कि, 3 माह पहले दोनों का प्रेम विवाह हुआ था। काफी समय से दंपति के बीच विवाद चल रहा था। एक दिन पहले भी किसी बात को लेकर दोनों के बीच झगड़ा हुआ। शुक्रवार सुबह तड़के करीब 6 बजे दोनों के बीच व्हाट्सएप पर वीडियो कॉल के दौरान बातचीत भी हुई। संभवतः उसी समय जुनैद ने फांसी लगाई है। मृतक के पास से मोबाइल भी मिला है। जिसकी जांच कराई जा रही है।