रतनपुरा से फुरकान, टांडा आजम से जितेन्द्र शर्मा, भीकमपुरी से सीमा कौर, बाजपुर गाँव से कैलाश रानी शर्मा, हरसान से योगेन्द्र सिंह डोबाल जीते

ईस्ट इंडिया टाइम्स ब्यूरो चीफ: आमिर हुसैन

उत्तराखंड
बाजपुर/ उधमसिंह नगर: अगस्त- बाजपुर विकास खण्ड क्षेत्रांतर्गत पाँच जिला पंचायत सीटों में से चार पर कांग्रेस व एक सीट पर निर्दलीय ने अपना परचम लहराया। भाजपा अपना खाता खोलने तक में नाकाम रही। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी तक सीधी पकड़ रखने की बात कह क्षेत्र में अपनी धौंस जमाने वालों को जनता ने सिरे से नकार दिया। क्षेत्र में जहाँ भाजपा को करारी हार का सामना
करना पड़ा, वहीं नेता प्रतिपक्ष व क्षेत्रीय विधायक यशपाल आर्य का जलवा बरकरार दिखा। यशपाल आर्य द्वारा क्षेत्र में बहाई गई विकास गंगा की बदौलत मतदाताओं ने उनके नुमाईन्दों के पक्ष में दिल खोलकर मतदान कर उनके सिर जीत का सेहरा बाँधा। 26 हरसान जिला पंचायत सीट पर निर्दलीय योगेन्द्र सिंह डोबाल ने भाजपा व कांग्रेस के दिग्ग्जों को धूल चटाते हुए 1530 मतों से जीत हासिल की। योगेन्द्र सिंह डोबाल को 6056, भाजपा के कमल किशोर भट्ट को 4524, कांग्रेस के डी.के.जोशी को 3972 व भाजपा की बागी उमा जोशी को 3009 मत मिले। 23 रतनपुरा जिला पंचायत सीट पर कांग्रेस के मौ. फुरकान ने 3569 रिकॉर्ड मतों से जीत हासिल की। मौ. फुरकान को 8305 व उनके निकटतम प्रतिद्वंदी रोशन लाल तोमर को 4736 मत मिले। 24 टांडा आजम जिला पंचायत सीट से कांग्रेस प्रत्याशी पूर्व दर्जा राज्यमंत्री पं. जितेन्द्र शर्मा ‘सोनू’ 1568 मतों से जीते। पं. जितेन्द्र शर्मा ‘सोनू’ को 7124, भाजपा के गुलशन काम्बोज को 5556 व निर्दलीय हरप्रीत सिंह निज्जर को 1777 मत प्राप्त हुए। 25 भीकमपुरी से कांग्रेस की सीमा कौर ने प्रमुख भाजपा नेता
स. कुलविन्दर सिंह किन्दा की धर्मपत्नी भाजपा प्रत्याशी परमजीत कौर को 790 मतों से शिकस्त दी। सीमा कौर ने 8897 व परमजीत कौर ने 8107 मत हासिल किए। 27 बाजपुर गाँव से शेर ए तराई स्व. पं. जनकराज शर्मा की धर्मपत्नी कैलाश रानी शर्मा ने 538 मतों से जीत हासिल की। कैलाश रानी शर्मा को 8219 व निशा बी (वसीम अहमद) को 7681 मत प्राप्त हुए। दिग्गजों की हुई करार हार क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई हैं।

By jamal

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *