राजेन्द्र सिंह धुऑंधार

कन्नौज। ठठिया थाना क्षेत्र के महसैया गांव में शनिवार दोपहर ईशन नदी में भैंस को बचाने के प्रयास में डूबे 14 वर्षीय किशोर का शव दो दिन बाद बरामद हुआ।
जानकारी के मुताबिक, महसैया निवासी विकास (पुत्र भइयालाल) शनिवार को दोपहर करीब 12 बजे पशु चराने ईशन नदी किनारे गया था। उसी दौरान उसकी एक भैंस अचानक नदी में उतर गई। भैंस को बाहर निकालने की कोशिश में विकास ने अपने कपड़े और चप्पल किनारे उतार दिए और पानी में उतर गया। तेज बहाव के चलते वह नदी में बह गया। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने खोजबीन की। नदी किनारे उसके कपड़े और चप्पल मिले, लेकिन किशोर का कोई सुराग नहीं मिला। परिजन और ग्रामीण शनिवार शाम से ही नदी में तलाश करते रहे, पर सफलता नहीं मिली।
सोमवार सुबह खोजबीन के दौरान किशोर का शव कानपुर नगर के बकोटी इलाके में अरमान बगिया के पास झाड़ियों में फंसा मिला। शव मिलते ही गांव में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है और गांव में मातम का माहौल व्याप्त है।