रिपोर्ट
राजेन्द्र सिंह धुऑंधार

कन्नौज। पूर्व भाजपा सांसद सुब्रत पाठक द्वारा सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद अखिलेश यादव और कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ अमर्यादित भाषा प्रयोग करने और उनके घर फूंकने की बात कहने पर समाजवादी पार्टी ने कड़ा रुख अख्तियार किया है। शुक्रवार को कन्नौज सपा कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में सपा प्रवक्ता विजय द्विवेदी ने सुब्रत पाठक को “खिसियानी बिल्ली खंभा नोचे” की कहावत से संबोधित करते हुए उनके बयान को लोकतंत्र व संविधान की मर्यादा के खिलाफ बताया।
विजय द्विवेदी ने कहा कि अखिलेश यादव देश की तीसरी सबसे बड़ी पार्टी के नेता हैं और उनके खिलाफ इस तरह की टिप्पणी लोकतांत्रिक मूल्यों का अपमान है। उन्होंने कहा कि चुनाव लड़ लेने से कोई उनके बराबर का नेता नहीं बन जाता, और बार-बार अभद्र भाषा प्रयोग करना सिर्फ सस्ती लोकप्रियता पाने का प्रयास है। कन्नौज की जनता इससे आहत और आक्रोशित है, क्योंकि जिले का नाम अखिलेश यादव से गौरवान्वित होता है। वरिष्ठ सपा नेता अनिल पाल और प्रदेश सचिव आकाश शाक्य ने भी सुब्रत पाठक के बयान की निंदा करते हुए कहा कि यह उनके मानसिक दिवालियापन का प्रतीक है। उन्होंने आरोप लगाया कि सुब्रत पाठक का चरित्र पूर्व से ही अराजक रहा है और सत्ता के मद में वह अराजकता फैलाने की कोशिश कर रहे हैं।
इस मौके पर सयुस प्रदेश उपाध्यक्ष हसीब हसन, महासचिव रामसेवक राजपूत, सलोवा जिलाध्यक्ष अंशू पाल, हुकुम सिंह यादव, विवेक पाल, विनोद यादव, राकेश कठेरिया, दरोगा कटियार, शशिमा सिंह दोहरे, भोले कुरैशी, कमलेश कटियार, आशीष यादव बीडीसी, अजय कश्यप, बजरंग सिंह चौहान, वीरेंद्र कटियार, संजीव यादव, अर्चना मिश्रा, नीरज दोहरे जिलाध्यक्ष बाबा साहेब अम्बेडकर,कामरान खान, ओम जी तिवारी, दीपक यादव समेत कई सपा नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।