रिपोर्ट विरेंद्र तोमर बागपत

बागपत/ बागपत जिले के कारागार में बंदियों की सुरक्षा, स्वास्थ्य और सुविधाओं की समीक्षा के लिए आज एक उच्चस्तरीय निरीक्षण किया गया। इस निरीक्षण में बागपत जनपद न्यायाधीश मनोज कुमार, जिलाधिकारी असमिता लाल और पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय उपस्थित रहे। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने 70 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्ग बंदियों से उनके स्वास्थ्य और देखभाल की जानकारी ली। इसके साथ ही महिला बैरक का विशेष निरीक्षण किया गया, जिसमें महिला बंदियों से खानपान, स्वास्थ्य और अन्य आवश्यक सुविधाओं के संबंध में संवाद किया गया। जिन महिला बंदियों के पास सरकारी अधिवक्ता नहीं हैं, उन्हें निःशुल्क विधिक सहायता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
अधिकारियों ने जेल के अस्पताल वार्ड, हाई सिक्योरिटी बैरक और पाकशाला का भी गहन निरीक्षण किया। इस दौरान जेल अधीक्षक और अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने जेल अधीक्षक को निर्देश दिए कि सभी कैदियों को प्रतिदिन निर्धारित भोजन और नाश्ता शुद्धता एवं गुणवत्ता के साथ उपलब्ध कराया जाए।
जिलाधिकारी असमिता लाल ने कहा कि इस प्रकार के निरीक्षण नियमित रूप से किए जाएंगे ताकि कारागार में बंदियों के लिए सुरक्षित, स्वच्छ और उचित वातावरण सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने कहा कि बंदियों के स्वास्थ्य, सुरक्षा और कानूनी अधिकारों का सम्मान सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है।इस निरीक्षण के दौरान जेल प्रशासन और अधिकारियों ने कारागार में सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, बंदियों की देखभाल और अन्य सुविधाओं का विस्तृत जायजा लिया।