ईस्ट इंडिया टाइम्स रिपोर्ट आदिल अमान

कायमगंज/फर्रुखाबाद
शनिवार को ईदुल-अजहा (बकरीद) का पर्व पूरे कायदे, अकीदत और सम्मान के साथ मनाया गया। सुबह से ही नगर व देहात में त्योहार की रौनक देखी गई। करीमनगर ईदगाह, जामा मस्जिद सहित तमाम मस्जिदों में हजारों मुस्लिम समाज के लोगों ने सामूहिक रूप से ईद की नमाज अदा की।
करीमनगर ईदगाह में सुबह 8 बजे मुफ्ती मुंतजिर की इमामत में नमाज अदा की गई। खुतबे में उन्होंने हजरत इब्राहीम अलैहिस्सलाम की कुर्बानी की मिसाल पेश करते हुए इस पर्व की अहमियत बताई। इसी तरह जामा मस्जिद में हाफिज शाहनूर और गढ़ी नूर खां मस्जिद में मौलाना जाकिर अली ने नमाज पढ़ाई।
नमाज से पूर्व उलेमाओं ने अपनी तकरीर में रसूल-ए-पाक की सुन्नतों पर अमल और कुर्बानी की हिकमत को समझने पर जोर दिया। नमाज के बाद लोगों ने गले मिलकर एक-दूसरे को ईद की मुबारकबाद दी और घरों में शरई तरीके से कुर्बानी अदा की। कुर्बानी के दौरान साफ-सफाई और हाइजीन का विशेष ध्यान रखा गया। नगर पालिका द्वारा सफाई की बेहतर व्यवस्था की गई थी। सुरक्षा के लिहाज से प्रशासन ने भी पूरी सतर्कता बरती। ईदगाह और प्रमुख स्थानों पर पुलिस बल तैनात रहा। एसडीएम रवींद्र सिंह, सीओ संजय वर्मा और कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अनुराग मिश्रा खुद फोर्स के साथ मौके पर मौजूद रहे और आयोजन की निगरानी की।