ईस्ट इंडिया टाइम्स रिपोर्ट आदिल अमान


कायमगंज/फर्रुखाबाद
बाढ़ के पानी के बीच नगला लालजीत गांव के तालाब में बृहस्पतिवार को पूर्व प्रधान की डूबने से मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे परिवार में कोहराम मच गया। हादसे की जानकारी पर पुलिस प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की।
क्षेत्र के जिजपुरा के नगला लालजीत गांव निवासी 55 वर्षीय पूर्व प्रधान प्रवेश यादव गुरुवार को गांव की टंकी की ओर स्थित अपने खेत पर गए थे। खेत के पास बाढ़ का पानी भरा था। इसी दौरान उनका पैर फिसल गया और वह पास के तालाब में गहरे पानी में जा गिरे। घटना की जानकारी पर परिजनों में अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते भारी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। सूचना पर धर्मपुर और लखनपुर के तैराक लोगों को बुलाया गया। काफी खोजबीन और करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने तालाब से प्रवेश यादव का शव बाहर निकाला। शव मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। मृतक की पत्नी मुन्नी देवी, दस वर्षीय पुत्री निशा और आठ वर्षीय पुत्री नेहा का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। सूचना पर मंडी चौकी प्रभारी अवधेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। प्रशासन ने भी घटना की जांच की। पहले परिजनो ने पोस्टमार्टम के लिए मना किया। पुलिस के समझाने पर मान गए। इस पर पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। यहां बता दें कि बीते दिनों सूखा नगला निवासी पूर्व प्रधान भूरे सिनौली पुल पर चल रहे बाढ़ के पानी में डूब गए थे। जहां उनकी भी मौत हुई थी।