गांधी जी के जीवन दर्शन से प्रेरणा लेकर समाज में फैली कुरीतियों समाप्त करना हम सभी की है जिम्मेदारी: अपर आयुक्त

आज़मगढ़ 2 अक्टूबर-- अपर अपर-प्रशासन शमशाद हुसैन ने गांधी जयन्ती के अवसर पर वृहस्पतिवार को मण्डलायुक्त कार्यालय भवन पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया तथा तिरंगे का अभिवाद कर सामूहिक रूप से राष्ट्रगान किया। इसके उपरान्त कार्यालय सभागार में उन्होंने राष्टपिता महात्मा गांधी जी एवं पूर्व प्रधानमन्त्री स्व. लालबहादुर शास्त्री जी के चित्र का अनावरण कर देश की दोनों महान विभूतियों के चित्रों पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धा अर्पित किया। इस अवसर पर आयोजित गांधी जयन्ती समारोह की अध्यक्षता करते हुए अपर आयुक्त-प्रशासन शमशाद हुसैन ने कहा कि गांधी की कृतियों और उनके सिद्धान्तों के निरन्तर अध्ययन के साथ साथ उसे दृढ़ संकल्प के साथ आत्मसात करने की नितान्त आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि गांधी जी के सत्य और अहिंसा के उसूल और सिद्धान्त को आत्मसात समाज में फैली कुरीतियों को समाप्त करने की जिम्मेदारी हम सभी लोगों की है। उन्होंने गांधी जी की जीवन शैली, उनके दर्शन, सिद्धान्तों के बारे में अधिक से अधिक अध्ययन करने और उसे आत्सात करने की आवश्यकता पर जोर दिया। अपर आयुक्त श्री हुसैन ने उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों से कहा कि शासन द्वारा हमें जो जिम्मेदारी सौंपी गयी है उसके प्रति संवेदनशीलता दिखायें तथा समाज के अन्तिम व्यक्ति को हम कोई लाभ पहुंचा पा रहे हैं अथवा नहीं, इसका नियमित रूप से आत्मविश्लेषण करें। उन्होंने यह भी कहा कि 2 अक्टूबर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी के जन्म दिवस के साथ पूर्व प्रधानमन्त्री स्व. लालबहादुर शास्त्री जी का भी जन्म दिवस है। इसी क्रम में उन्होंने स्व.लालबहादुर शास्त्री जी के संघर्षों और त्याग के कई प्रेरक प्रसंगों का उल्लेख किया तथा कहा कि आज गांधी जी और शास्त्री जी के आदर्शों, उसूलों, जीवन मूल्यों और संघर्षों को आत्मसात करना अपरिहार्य हो गया है। अपर आयुक्त हुसैन ने यह भी कहा कि यदि हम इन दोनों महान विभूतियों के बताये मार्ग, सिद्धान्त का दृढ़ता से अनुसरण करना शुरू कर दें तो उनकी जयन्ती मनाना सार्थक हो जायेगा।
कार्यक्रम का संचालन करते हुए पूर्व पीआरओ रियाज आलम ने गांधी जी और शास्त्री जी के बारे में कई महत्वपूर्ण जानकारी दी। कार्यक्रम को शासकीय अधिवक्ता ओमप्रकाश पाण्डेय, सहायक शासकीय अधिवक्ता अजीत सिंह व रामप्रकाश त्रिपाठी, सेन्ट्रल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष नागेन्द्र प्रसाद मौर्य तथा मन्त्री राना अजेय प्रताप सिंह ने भी सम्बोधित किया। इस अवसर पर कार्यालय के समस्त कर्मचारी उपस्थित थे।