×

सूर्यदेव की आराधना से सम्पन्न हुआ लोहड़ी आयोजन- डा0 धर्मेन्द्र शर्मा

ईस्ट इंडिया टाइम्स/कुलदीप दुबे

इटावा/यूपी/नारायण कॉलेज ऑफ साइंस एण्ड आर्ट्स, इटावा में लोहड़ी का पर्व हर्षोल्लास पूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ0 धर्मेन्द्र शर्मा ने माँ सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर की। इस मौके पर बोन फायर का आयोजन हुआ एवं छात्र-छात्राओं ने पंजाबी गीत पर नृत्य कर सभी का मन मोह लिया।
लोहड़ी के अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ0 धर्मेन्द्र शर्मा ने छात्र-छात्राओं को पर्व के महत्व को समझाते हुए बताया कि लोहड़ी को किसानों का प्रमुख त्योहार माना जाता है। लोहड़ी के दिन वर्ष की सबसे लम्बी रात होती है और इसके अगले दिन से धीरे-धीरे दिन बढ़ने लगते हैं। आज के दिन आग में तिल गुड़, गजक, रेबड़ी और मूंगफली चढ़ाने का रिवाज होता है। लोहड़ी को सर्दियों के जाने और बसंत के आने का संकेत भी माना जाता है। ये त्यौहार पंजाब और हरियाणा में फसल काटने के दौरान मनाया जाता है। इस दिन रवी की फसल को आग में समर्पित कर सूर्यदेव और अग्नि का आभार प्रकट किया जाता है। आज के दिन किसान फसल की उन्नति की कामना करते हैं।
डॉ0 धर्मेन्द्र शर्मा ने अपने वक्तव्य में आगे कहा कि इस त्यौहार को सती के त्याग के रूप में भी प्रतिवर्ष मनाया जाता है। पुराणों की कथा के अनुसार जब प्रजापति दक्ष ने अपनी पुत्री सती के पति महादेव शिव का तिरस्कार किया था इस कारण सती ने अपने आप को अग्नि को समर्पित कर दिया था, इसलिये इस दिन को एक पश्चाताप के रूप में प्रतिवर्ष मनाया जाता है और इसी कारण घर की विवाहित बेटी को तोहफे दिये जाते हैं और भोजन पर आमंत्रित कर उनका मान सम्मान किया जाता है।
अन्त में बच्चों और शिक्षकां को प्रसाद के रूप में मूंगफली, रेवड़ी, गजक एवं तिल के लड्डू वितरित किये गये तथा प्रधानाचार्य डॉ0 धर्मेन्द्र शर्मा ने सभी बच्चों को लोहड़ी पर्व की ढेरों शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम को सफल बनाने में सी.सी.ए. इंचार्ज श्रीमती रितु कनौजिया, नृत्य प्रशिक्षक श्री संदीप यादव का विशेष योगदान रहा।

Post Comment

You May Have Missed