×

खाद्य सुरक्षा विभाग की छापामार कार्रवाई, कई दुकानों से नमूने लिए

खाद्य सुरक्षा विभाग की छापामार कार्रवाई, कई दुकानों से नमूने लिए
ईस्ट इंडिया टाइम्स रिपोर्ट आदिल अमान
कायमगंज/नवाबगंज/फर्रुखाबाद
आगामी होली पर्व के मद्देनजर मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) ने कायमगंज और नबावगंज में छापामार अभियान चलाकर कई प्रतिष्ठानों से खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्र किए। इस दौरान हड़कंप मच गया।
आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तर प्रदेश के निर्देश पर जिलाधिकारी और अपर जिलाधिकारी के आदेशानुसार होली त्योहार को लेकर विशेष अभियान चलाया गया। इस अभियान का नेतृत्व सहायक आयुक्त अजीत कुमार के निर्देशन एवं मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अक्षय प्रधान के नेतृत्व में किया गया। अभियान के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी शिवदास सिंह, विनोद कुमार, डॉ. शैलेन्द्र रावत एवं अरुण कुमार मिश्र की टीम ने कायमगंज के गल्ला मंडी स्थित नीरज सक्सेना की खाद्य प्रतिष्ठान से कचरी का नमूना लिया गया। पुरानी गल्ला मंडी में दीपक राठौर के खाद्य प्रतिष्ठान से कचरी का नमूना संकलित किया गया। पुरानी गल्ला मंडी, नोनियमगंज में मेसर्स वैष्णो किराना स्टोर से बेसन का नमूना लिया गया। अचरा तिराहा, नवाबगंज स्थित विपिन गुप्ता की श्रीबाला जी मिष्ठान भंडार से पेड़ा का नमूना लिया गया। नवाबगंज तिराहा स्थित ओमपाल सिंह खाद्य प्रतिष्ठान से पेड़ा का नमूना संकलित किया गया। टीम ने बताया सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला में भेज दिया गया है। रिपोर्ट के आधार पर मिलावट पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने दुकानदारों को स्वच्छता व शुद्धता का विशेष ध्यान रखने की हिदायत दी है। टीम की छापेमारी से हड़कंप मच गया। कई दुकानदार शटर गिराकर खिसक गए।

Post Comment

You May Have Missed