कांग्रेस नेता सोनिया और राहुल गांधी का जलाया गया पुतला, किया प्रदर्शन
फिरोजाबाद ।

भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) ने महानगर अध्यक्ष अंकित तिवारी के नेतृत्व में जैन मंदिर चौराहे पर कांग्रेस नेता सोनिया और राहुल गांधी का पुतला जलाया और प्रदर्शन करते हुए उन पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की।
जिलाध्यक्ष भाजपा महानगर डॉ. सतीश चंद्र दिवाकर ने कहा कि, ईडी की कार्रवाई पूरी तरह से दस्तावेज, बैंक रिकॉर्ड और शेयर होल्डिंग के आधार पर की गई है। जो, किसी भी प्रकार से राजनीतिक बदले की भावना नहीं है। यह चार्जशीट न केवल एक कानूनी दस्तावेज है। बल्कि नए भारत की पारदर्शिता और न्यायप्रियता की प्रतीक है।
कांग्रेस पार्टी ने 90.25 करोड़ का दिया कर्ज कांग्रेस पार्टी ने एजेएल को 90.25 करोड़ रुपये का ऋण दिया, जिसे बाद में बिना किसी पारदर्शिता के यंग इंडिया प्राइवेट लिमिटेड को ट्रांसफर कर दिया गया। इस कंपनी में सोनिया गांधी और राहुल गांधी की कुल हिस्सेदारी 76 प्रतिशत है। यंग इंडिया ने मात्र 50 लाख रुपये के मामूली निवेश पर एजेएल का पूर्ण स्वामित्व प्राप्त कर लिया, जिससे गांधी परिवार ने दिल्ली, मुंबई, लखनऊ, भोपाल, पटना जैसे बड़े शहरों की अचल संपत्तियों पर नियंत्रण कर लिया।
पूर्व जिला अध्यक्ष भाजपा नानक चंद्र अग्रवाल ने कहा कि, कांग्रेस अब एक राष्ट्रीय आंदोलन नहीं बल्कि, पारिवारिक व्यापार बन गई है। गांधी परिवार स्वतंत्रता संग्राम की विरासत को निजी लाभ के लिए इस्तेमाल कर रहा है और संवैधानिक संस्थाओं पर दबाव बनाने के लिए राजनीतिक ड्रामा कर रहा है।
भाजयुमो जिलाध्यक्ष महानगर अंकित तिवारी ने कहा कि, कांग्रेस के नेताओं ने जिस तरह देश के साथ भ्रष्टाचार और शोषण किया, सोनिया और राहुल ने देश के साथ छल किया और भी कई ऐसे मामले हैं जिसमें, उनके खिलाफ कार्यवाही होगी। जो, चार्जशीट दाखिल हुई उन्हें उसका सामना करना चाहिए था। लेकिन, जनता को गुमराह करने के लिए कांग्रेस ने अपने कार्यकर्ता को लगा दिया, जिन्होंने ED कार्यालय का घेराव किया और युवा मोर्चा ने विरोध स्वरूप दोनों का पुतला दहन किया।
बताते चलें कि, प्रवर्तन निदेशालय ने सोनिया गांधी और राहुल गांधी पर नेशनल हेराल्ड मामले में गंभीर वित्तीय अनियमितताओं के आरोप लगाते हुए चार्जशीट दाखिल की है। इसमें, गांधी परिवार ने कांग्रेस पार्टी का दुरुपयोग करते हुए एसोसिएटेड जर्नल्स लिमिटेड (एजेएल) को अपने नियंत्रण में ले लिया। यह संस्था पत्रकारिता और जनसेवा के लिए बनाई गई थी। जिसकी संपत्ति करीब 2000 करोड़ रुपए की थी।
पुतला दहन के समय शैलेंद्र गुप्ता शालू, दीपक गुप्ता कालू, देश दीपक, आकाश, राजेश, विकास, राहुल, रविंद्र, अवनीश, दीपक, अनिरुद्ध, राजुल, अनिकेत, सुमित, ध्रुव, संकेत, हिमांशु, बंटी, अजय, आर्यन, मनोज, राज, शनि, अमन, शिवाजी, सूरज, हर्ष, सत्यनारायण, कौशल, आशीष, पियूष, शशांक, अभिषेक व अन्य कार्यकर्ता बंधु उपस्थित रहे।
Post Comment