बच्चों के नहर में डूबने की जानकारी होते ही परिवार में मचा कोहराम

सात घंटे बाद घटना स्थल से दो किलो मीटर दूर बंबे से शव बरामद
शिकोहाबाद। थाना क्षेत्र के गांव नगला बिलोटिया निवासी सुनील कुमार पर चार बच्चे हैं। जिनमें दो बेटा और दो बेटियां हैं। रविवार को चारो बच्चे एक साथ नहर पर आ गए और नहाने लगे। सबसे छोटी बच्ची किनारे पर थी, जबकि उससे तीन बड़े भाई-बहिन थोड़े अंदर चले गये। बच्चों को डूबता देख सुनील दौड़ा और उसने दो बच्चों को निकाल लिया, लेकिन एक बेटी को वह अपनी आंखों के सामने पानी में समाता देखता रह गया। सूचना पर थाना प्रभारी अनुज राणा भी फोर्स और फायर ब्रिगेड के साथ पहुंच गए। पुलिस और स्वजनों के साथ ग्रामीणों ने सात घंटे के बाद शव को घटना स्थल से दो किलो मीटर दूर बंबे से बरामद कर लिया।
सुनील बेलदारी करके परिवार का भरण पोषण कर रहा है। उस पर चार बच्चे हें। आदित्य (12), चिराग (9), वंशिका (8) और अंशिका (6) शामिल हैं। रविवार सुबह लगभग साढ़े 10 बजे के करीब वह अपने चारों बच्चों के साथ नगर के समीप खड़े खजूर खिलाने को लेकर असुआ पुल के समीप आया था। जब वह खजूर तोड़ रहा था, तभी उसके चारो बच्चे नहर में नहाने के लिए चले गये। बड़े भाइयों को पानी में नहाता देख छोटी बहिनें भी खुसने लगीं। इसी दौरान सुनील की नजर उन पर गई। वह दौड़ कर नहर पर आया, तब तक चिराग, अंशिका और वंशिका डूबने लगे। चीख पुकार सुन कर उसने नहर में छलांग लगा दी और डूबते हुए बेटा चिराग और बेटी अंशिका को बचा लिया, लेकिन वंशिका उसकी आंखों के सामने नहर के गहरे पानी में समा गई। बेटी को नहर में डूबता देख वह हैरान हो गया और घटना की जानकारी गांव के लोगों को दी। सूचना मिलते ही उसके परिवार के लोग और ग्रामीण महिला-पुरुष नहर पर आ गए। स्थानीय गोताखोरों ने वंशिका की काफी तलाश की। घटना स्थल से दो किलो मीटर दूर बंबा से बच्ची के शव को बरामद कर लिया। शव मिलते ही स्वजनों में चीख पुकार मच गई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए फिरोजाबाद मेडिकल कॉलेज भेजा है।