रिपोर्ट : मुजीब खान

शाहजहांपुर / शहर के सदर बाजार थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात सोशल मीडिया पर धार्मिक पुस्तक और पैगंबर पर अभद्र टिप्पणी किए जाने के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सैकड़ों लोग देर रात थाने पहुंच गए। सदर बाजार थाने का घेराव कर लिया। सैकड़ों लोगों की भीड़ ने आरोपी पर जल्द से जल्द कार्रवाई की मांग की। भीड़ को बेकाबू होती देख पुलिस-प्रशासन के हाथ-पांव फूलने लगे। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। हालांकि, भीड़ का आक्रोश शांत कराना पुलिस के लिए चुनौती बन गया। घटना की जानकारी मिलते ही बरेली एडीजी मौके के लिए रवाना हुए हैं। मौके पर बड़ी संख्या में अधिकारी मौजूद हैं।
जानकारी के अनुसार, सदर बाजार क्षेत्र निवासी केके दीक्षित नामक व्यक्ति ने फेसबुक पर धार्मिक ग्रंथ और पैगम्बर के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करते हुए पोस्ट की थी। पोस्ट वायरल होते ही लोगों में आक्रोश फैल गया। इसकी शिकायत पुलिस से की गई, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया। साथ ही लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की गई। पुलिस की सतर्कता बढ़ाई है। तनाव को देखते हुए कई थानों की पुलिस को मौके पर बुलाया गया है। रात करीब 9 बजे बड़ी संख्या में लोग थाने पहुंच गए और आरोपी पर कड़ी कार्रवाई की मांग करने लगे। थाने के बाहर माहौल बिगड़ता देख पुलिस ने आसपास के थानों से अतिरिक्त फोर्स बुला लिया। थाना प्रभारी अरविंद सिंह ने प्रदर्शनकारियों को समझाने की कोशिश की और कार्रवाई का आश्वासन दिया।
तनाव बढ़ने पर पुलिस ने रात करीब 10 बजे हल्का बल प्रयोग करते हुए लाठी फटकारी और भीड़ को खदेड़ा। अचानक हुए बल प्रयोग से कई लोग अपनी बाइकें छोड़कर मौके से भाग निकले। स्थिति नियंत्रण में आने के बाद मौके पर सिटी मजिस्ट्रेट प्रवेंद्र कुमार और सीओ सिटी पंकज पंत पहुंचे। अधिकारियों ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

By jamal

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *