ईस्ट इंडिया टाइम्स रिपोर्ट राजेन्द्र सिंह धुऑंधार

कन्नौज। जनपद में शातिर चोरों का आतंक एक बार फिर दिखाई दिया। पांच घरों को निशाना बनाते हुये शातिर चोरों ने पहले परिजनों को कमरे में बंद कर दिया और उसके बाद चोरी की घटनाओं को अंजाम देने के बाद भाग निकलने में भी सफल हो गये। मामले की जानकारी के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू कर दी है। कन्नौज जिले के कोतवाली गुरसहायगंज के गांव भुरजानी गांव का है। यहां बीती रात चोरों ने निशाना साधा। गांव के रहने वाले संजीव उर्फ कल्लू के मकान के पीछे की दीवार से सीढ़ी लगाकर चोर छत पर चढ़े।
इसके बाद संजीव और उनके दो भाइयों ब्रजकिशोर और सतेंद्र जिनके मकान की छतें आपस में मिली हुई हैं, यहां परिजनों को सोया हुआ पाकर चोरों ने इनके कमरों की कुंडियों को बाहर से बंद कर दिया, इसके बाद चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया गया।
चोरों ने तीनों भाइयों के घरों से चार लाख रुपए नकदी सहित आधा किलो चांदी, चांदी के सिक्के, सोने के तीन हार, 6 कंगन, चार चैन, तीन जोड़ी पायल,12 अंगूठी, पार कर दिया।
घटना की जानकारी परिजनों को सुबह तब हुई जब कमरे की कुंडी बाहर से लगी पाई गई और परिवार के एक अन्य भाई उपेंद्र को फोन करके बुलाया गया। जिसके बाद घर में बिखरा पड़ा समान और चोरी की वारदात का पता चलने पर परिजनों में हड़कंप मच गया।
चोरों ने गांव में ही वीर प्रताप और अवधेश के घरों को भी निशाना बनाया।
अवधेश के घर से चोरों ने 90 हजार रुपए की नकदी सहित सोने का हार, मंगलसूत्र, अंगूठी, पायल पार कर दी। अवधेश की पत्नी संजू देवी ने बताया कि, उनके पति राजस्थान में नौकरी करते हैं, बीती रात बच्चों के साथ सोये हुये थे, इसी दौरान घटना को अंजाम दिया गया।
इसी प्रकार वीर प्रताप के यहां भी चोरों द्वारा पांच हजार रुपए की नकदी सहित जेवरात चोरी की जानकारी दी गई है।
पता चला है कि, चोरों ने
रिटायर्ड एसआई बादाम सिंह और बिकास कुमार के यहां भी चोरी का प्रयास किया था।
सुबह चोरी की वारदातों की जानकारी पर जहां गांव में हड़कंप का माहौल नजर आया।
मामले की जानकारी पर कोतवाली पुलिस बल, डॉग स्क्वायड मौके पर पहुंचा, जांच पड़ताल का दौर जारी रहा, साक्ष्य जुटाये गये।
पीड़ितों की तहरीर पर पुलिस ने घटना का मुकदमा दर्ज करके कार्यवाही शुरू कर दी थी।