रिपोर्ट
राजेन्द्र सिंह धुऑंधार

कन्नौज। थाना तिर्वा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम ककलापुर की निवासी रूबी पत्नी रवि ने गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है। प्रार्थिनी का आरोप है कि दिनांक 6 सितंबर, सुबह करीब 10 बजे वह अपने भाई विकास कुमार की दुकान पर अपने गांव की कुछ महिलाओं के साथ गई थी। उसी समय रामपुर निवासी रचना सिंह पत्नी राहुल प्रताप सिंह ने पहले से ही दुकान का ताला डाल रखा था। ताला खोलने का विरोध करने पर रचना सिंह, उसके पति राहुल प्रताप सिंह, उनकी पुत्रियाँ नित्या और काव्या तथा ग्राम करनपुर निवासी देवेन्द्र पुत्र ऊधन सिंह ने मिलकर प्रार्थिनी और उसके भाई पर हमला कर दिया। प्रार्थिनी का आरोप है कि आरोपितों ने लाठी-डंडों से मारपीट की और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज की। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी। मारपीट में प्रार्थिनी के हाथ की नस फट गई और उसे गंभीर चोटें आईं। बीच-बचाव करने पहुंचे उसके भाई विकास कुमार के साथ भी आरोपितों ने मारपीट की। प्रार्थिनी ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपित राहुल प्रताप सिंह ने बदनीयत से उसे दबोच कर छेड़छाड़ की तथा विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी। प्रार्थिनी ने कहा कि आरोपित दबंग किस्म के लोग हैं और उनके परिवार को लगातार जान माल का खतरा बना रहता है। घटना की सूचना मिलते ही प्रार्थिनी के भाई ने डायल 112 पर पुलिस को फोन किया, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और बीच-बचाव किया। वहीं, प्रार्थिनी ने यह भी बताया कि आरोपितों के खिलाफ उसके भाई का पूर्व से थाना कन्नौज में एक मुकदमा दर्ज है, जिसकी जांच क्षेत्राधिकारी कार्यालय में चल रही है। इसके बावजूद आरोपित आए दिन धमकियाँ देते रहते हैं। प्रार्थिनी ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि उसका मेडिकल परीक्षण कराते हुए आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उचित कानूनी कार्रवाई की जाए। प्रार्थिनी ने न्याय की आशा करते हुए पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाई है।
पुलिस प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। क्षेत्र में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर भी प्रशासन की ओर से सतर्कता बढ़ाई जा रही है।