रिपोर्ट
राजेन्द्र सिंह धुऑंधार

कन्नौज। उत्तर प्रदेश की उच्च शिक्षा राज्य मंत्री एवं जनपद की प्रभारी मंत्री श्रीमती रजनी तिवारी की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट गांधी सभागार में कानून-व्यवस्था एवं विकास कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित हुई।बैठक में मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार हर जनपद में एक नदी का जीर्णोद्धार कराया जा रहा है। कन्नौज में पाण्डु नदी का कार्य प्रगति पर है। इसके साथ ही ईशन नदी व अन्य छोटी नदियों का भी जीर्णोद्धार कराया जाए। उन्होंने उर्वरक की पर्याप्त उपलब्धता बताते हुए कहा कि किसानों को आधार कार्ड पर 3 से 4 बोरियां उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने जानकारी दी कि ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत 714 अपराधियों को सजा दिलाई गई है। नो हेलमेट-नो पेट्रोल अभियान को सख्ती से लागू करने और दुर्घटनाओं पर रोकथाम की ठोस रणनीति बनाने पर जोर दिया। ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत 4335 स्थानों पर लगाए गए 9320 कैमरों की मदद से 41 घटनाओं का खुलासा किया गया।गौशालाओं को लेकर मंत्री ने निर्देश दिया कि जहां जलभराव की स्थिति है, उसे दुरुस्त कराया जाए और आवारा गोवंशों को पकड़कर नंदीशालाओं में सुरक्षित किया जाए। जुलाई अभियान में 142 गोवंश संरक्षित किए गए, जिसे और तेज गति से आगे बढ़ाया जाएगा। मुख्यमंत्री सहभागिता योजना से अब तक 1388 लाभार्थियों को 2772 गोवंशों का लाभ मिला है।
स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर उन्होंने निर्देश दिया कि सर्पदंश से पीड़ित मरीजों का पीएचसी/सीएचसी पर तत्काल इलाज सुनिश्चित किया जाए। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में बीमारियों की रोकथाम हेतु आरोग्य मेले आयोजित हों। विद्युत विभाग को उमर्दा उपकेंद्र का निर्माण कार्य सितंबर तक पूर्ण करने के निर्देश दिए। लोक निर्माण विभाग के तहत 28 सड़कों की मरम्मत तथा 366 में से 323 नवीनीकरण कार्य पूर्ण हो चुके हैं। शेष कार्य शीघ्र पूरे करने के आदेश दिए गए। मंत्री ने निवेश प्रोत्साहन, मनरेगा से बने खेल मैदानों में खेल किट उपलब्ध कराने और ग्रीन चौपाल कार्यक्रमों के आयोजन पर बल दिया।
उन्होंने मत्स्य पालन, मुख्यमंत्री माटीकला योजना, विवाह सहायता योजना और अपशिष्ट प्रबंधन केंद्रों में कैमरे लगाकर निगरानी की व्यवस्था पर भी जोर दिया। साथ ही विद्यालयों में बाउंड्रीवाल, संपर्क मार्ग और विद्युत की बेहतर व्यवस्था कराए जाने के निर्देश दिए। अंत में उन्होंने अधिकारियों से कहा कि न्याय के लिए आने वाले फरियादियों की समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण हो और दोषियों को किसी भी हालत में बख्शा न जाए। हमारा जनपद पहले से अच्छा है, इसे और बेहतर बनाने की आवश्यकता है। बैठक में जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री, पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार, मुख्य विकास अधिकारी रामकृपाल चौधरी, एडीएम आशीष कुमार सिंह, जिलाध्यक्ष वीर सिंह भदौरिया सहित कई अधिकारी व जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।