राजेन्द्र सिंह धुऑंधार

कन्नौज। ठठिया थाना क्षेत्र के गांव जैनपुर कोठी में शुक्रवार रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। रात करीब 8:30 बजे अचानक मिट्टी की दीवार भरभरा कर गिर पड़ी। इस हादसे में पुष्पा देवी नामक महिला और उनकी दो बकरियां मलबे के नीचे दब गईं। हादसे में दोनों बकरियों की मौत हो गई, जबकि पुष्पा देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। परिजनों ने तत्काल ग्रामीणों की मदद से उन्हें मलबे से निकालकर तिर्वा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार, पुष्पा देवी की हालत गंभीर बनी हुई है।परिवार में तीन पुत्रियां और दो पुत्र हैं, जिनमें से दो पुत्रियों की शादी हो चुकी है। अचानक हुए इस हादसे से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। दो बकरियों की मौत से परिवार को आर्थिक नुकसान भी झेलना पड़ा है। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्रीय लेखपाल शोभित कटियार मौके पर पहुंचे और जांच कर उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट भेजी।