ईस्ट इंडिया टाइम्स राजेन्द्र सिंह धुऑंधार

कन्नौज। शिवाजी नगर स्थित अशोक कुमार इंटर कॉलेज में मंगलवार को जिला स्तरीय बाल वैज्ञानिक प्रतियोगिता एवं विज्ञान संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ कॉलेज प्रबंधक अशोक दुबे ने दीप प्रज्ज्वलन कर किया। प्रधानाचार्य यूनुस खान ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम में जनपद के 14 विद्यालयों के विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। इनमें 9 विद्यालय बेसिक शिक्षा विभाग तथा 5 विद्यालय माध्यमिक शिक्षा विभाग के थे। विज्ञान संगोष्ठी का विषय “क्वांटम युग का आरंभ : संभावनाएं और चुनौतियां” निर्धारित किया गया था। प्रतिभागियों ने विषय पर छह मिनट का व्याख्यान प्रस्तुत किया तथा लिखित परीक्षा में भी हिस्सा लिया। निर्णायक मंडल द्वारा मूल्यांकन के बाद केपीएस पब्लिक स्कूल पुलिस लाइन की छात्रा दानिया हुसैन (कक्षा-9) को प्रथम स्थान, कम्पोजिट विद्यालय महमूदपुर पैठ की छात्रा आशा (कक्षा-8) को द्वितीय स्थान तथा पी.एम. श्री कम्पोजिट विद्यालय गुगरापुर के छात्र सफल सिंह (कक्षा-8) को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। प्रथम व द्वितीय स्थान पाने वाले विद्यार्थी मंडल स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे।निर्णायक मंडल में मृदुल मिश्रा (प्रवक्ता, राजकीय इंटर कॉलेज समधन), अंकित चौधरी (पं. दी. उ.रा.मा. इंटर कॉलेज बिरौली), अनुपमा (सहायक अध्यापिका, राजकीय हाई स्कूल भोजपुर निगोह), जिला समन्वयक अजय कुमार तथा जनपद नोडल बेसिक आशुतोष दुबे शामिल रहे।
प्रबंधक अशोक दुबे ने विजेता छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।