×

जनपद में अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में तीन की मौत, एक का चल रहा उपचार

ईस्ट इंडिया टाइम्स राजेन्द्र सिंह धुऑंधार

कन्नौज। दो अलग अलग सड़क दुर्घटनाओं में तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक घायल का मेडिकल कॉलेज में उपचार जारी है।
जानकारी के मुताबिक पहला हादसा जिले के सौंरिख थाना क्षेत्र के डडूअन नगला गांव के निकट का है। यहां रविवार को तेज रफ्तार डंफर के चालक ने मोपेड सवार दो लोगों को टक्कर मार दी।
दोनों मृतक आपस में रिश्ते के साद्दू बताये गये हैं।
बताते चलें कि मैनपुरी जिले के निवासी 65 वर्षीय रामऔतार अपने 52 वर्षीय रिश्तेदार राजकिशोर के साथ मोपेड से तालग्राम थाने के गांव हैवतपुर स्थित रिश्तेदारी जा रहे थे। जैसे ही दोनों लोग सौंरिख थाने के डडूअन नगला गांव के निकट पहुंचे, इसी दौरान सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार डंफर ने मोपेड को टक्कर मार दी।
दुर्घटना के दौरान गंभीर रूप से घायल दोनों को पुलिस ने सूचना के बाद उपचार हेतु स्थानीय हॉस्पिटल भेजा। यहां डाक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना परिजनों तक पहुंची तो कोहराम मच गया। परिजनों का रो रो कर बुरा हाल था।
पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिये भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी थी।
घटना को अंजाम देने वाले डंफर चालक को डंफर सहित पुलिस ने हिरासत में ले लिया था।
परिजनों की तहरीर पर आगे की कार्यवाही की जा रही है।
दूसरी घटना तिर्वा कोतवाली के रामपुर बिनौरा गांव के निकट घटी।
जानकारी के मुताबिक रविवार को कानपुर नगर के अरौल थाना क्षेत्र के गांव मेड़ूआपुरम निवासी सूरज कटियार पुत्र विवेक कटियार उम्र 15 वर्ष अपने दोस्त अरौल के गांव सरैयाभूड निवासी 16 वर्षीय रिशु यादव पुत्र सुरेश यादव के साथ तिर्वा कोतवाली के गांव तिलसरा स्थित रिश्तेदारी आये हुये थे। शाम सवा चार बजे के करीब वापस लौटते समय दोनों बाइक सवारों को रामपुर बिनौरा गांव के निकट एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक सवारों को टक्कर मार दी। इसके बाद ट्रैक्टर बिजली पोल से टकरा गया, जिससे बिजली पोल भी क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना में दोनों बाइक सवार दोस्त गंभीर रूप से घायल हुये।
राहगीरों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों बाइक सवार घायलों को उपचार हेतु मेडिकल कॉलेज भेजा। यहां डाक्टरों ने सूरज को मृत्यु घोषित कर दिया, जबकि रिशु का उपचार जारी था।
मामले की जानकारी परिजनों को दे दी गई है। मृत्यु की सूचना मिलने से परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों के करुण क्रंदन का सिलसिला जारी था। पुलिस ने घटना को लेकर आगे की कार्यवाही शुरू कर दी थी।

Post Comment

You May Have Missed