ईस्ट इंडिया टाइम्स रिपोर्ट सुधीर सिंह

कंपिल/ फर्रूखाबाद
कंपिल थाना क्षेत्र के गांव कटिया में एक किशोर की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। मृतक की पहचान अच्छे मियां के 17 वर्षीय पुत्र अरबाज के रूप में हुई है।
मंगलवार सुबह चार बजे अरबाज घर से निकला। कुछ समय बाद वह लखनऊ-कासगंज एक्सप्रेस की चपेट में आ गया। सुबह छह बजे खेतों की तरफ जा रहे ग्रामीणों को कंपिल रोड स्टेशन के पास 177 नंबर पोल के निकट उसका शव मिला।
स्टेशन मास्टर महेंद्र मौर्य ने जीआरपी कायमगंज को सूचना दी। मौके पर पहुंचे दारोगा रामकेश यादव ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों के अनुसार अरबाज कई दिनों से किसी बात को लेकर नाराज चल रहा था। हालांकि वे इसका स्पष्ट कारण नहीं बता पाए।
अरबाज तीन भाइयों में सबसे छोटा था। उसके बड़े भाइयों के नाम अल्तमश और एतशाम हैं। घटना की खबर सुनते ही मां परवीन का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।