ईस्ट इंडिया टाइम्स ब्यूरो चीफ: आमिर हुसैन

उत्तराखंड
बाजपुर/ उधमसिंह नगर: 22 सितम्बर- नगर पालिका क्षेत्रांतर्गत नैनीताल रोड पर लेबड़ा पुल के समीप स्थित पं. दीनदयाल उपाध्याय पार्क गत 26 वर्षो से अपनी बदहाली पर आँसू बहा रहा है। भाजपा की बदौलत फर्श से अर्श तक पहुँचे क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के चिंतक, संगठनकर्ता व भारतीय जनसंघ के अध्यक्ष रहे पं. दीनदयाल उपाध्याय की स्मृति में बने पार्क की सुध लेना कभी उचित नहीं समझा। 26 वर्षों में सौन्दर्यीकरण के नाम पर लाखों रूपया खर्च होने के बाद भी आज तक पार्क में सिर्फ चाहरदीवारी ही है। पार्क पं. दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा का आज भी बेहद बेसब्री से इंतजार कर रहा हैं। वर्ष 1998 में तत्कालीन चेयरमैन व वर्तमान गदरपुर विधायक अरविन्द पाण्डेय द्वारा 8.44 लाख रूपये की लागत से पं. दीनदयाल उपाध्याय पार्क का निर्माण कराया गया। क्षेत्रीय विधायक यशपाल आर्य द्वारा वर्ष 2017-18 में 10 लाख रूपया व वर्ष 2020-21 में 5 लाख रूपया विधायक निधि से पार्क के सौन्दर्यीकरण हेतु दिया गया। लाखों रूपयों की धनराशि खर्च होने के बाद भी पार्क सौन्दर्यीकरण को तरस रहा है। भाजपाई पं. दीनदयाल उपाध्याय जयंती (25 सितम्बर) पर जरूर कुछ पौधे लेकर इस पार्क में दाखिल होते हैं और पार्क सौन्दर्यीकरण के बड़े-बड़े दावे कर वर्षभर पार्क की ओर नहीं झांकते। पार्क सौन्दर्यीकरण के नाम पर कुछ भाजपाईयों ने अपनी जेबें गर्म करने का भी कार्य किया हैं। गत वर्ष भी पं. दीनदयाल उपाध्याय जयंती पर भाजपाईयों द्वारा पार्क में प्रतिमा स्थापना की घोषणा पूरे जोरशोर से की थी, जो कि अभी तक पूरी नहीं हुई हैं। स्थानीय भाजपाईयों ने एक बार फिर पूरे दमखम के साथ एसडीएम राकेश चन्द्र तिवारी की अगुवाई में 4.95 लाख रूपये की लागत से पं. दीनदयाल उपाध्याय पार्क का कायाकल्प कराने का बीड़ा नगर पालिका परिषद के माध्यम से उठाया हैं। अब देखना है कि पार्क का सौन्दर्यीकरण धरातल पर होता है या फिर पूर्व की भाँति सिर्फ कागजों में ही रहता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *