ईस्ट इंडिया टाइम्स राजेन्द्र सिंह धुऑंधार


कन्नौज/ घर से निकले ग्रामीण युवक का शव पेड़ पर फांसी के फंदे पर लटकता मिला तो परिजनों में हड़कंप मच गया।
जानकारी के मुताबिक ठठिया थाना क्षेत्र के गांव इनायतपुर निवासी 35 वर्षीय जसवंत पुत्र विश्राम सिंह बीती सायं घरेलू कहासुनी के चलते घर से निकल गये थे। देर सायं तक घर ना लौटने पर परिजनों द्वारा खोजबीन के बाद भी जसवंत का कुछ पता नहीं चल सका था। सुबह गांव के बाहर दैनिक क्रिया को निकले ग्रामीणों ने जब युवक का शव पेड़ पर फांसी के फंदे के सहारे लटका पाया तो हड़कंप मच गया।
गांव में सूचना परिजनों तक पहुंची तो परिजन भी घटनास्थल पर पहुंचे। यहां शव की पहचान जसवंत के रूप में होने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। मामले की सूचना के बाद मौके पर पहुंची ठठिया पुलिस ने शव को अपनी सुपुर्दगी में लेने के बाद पोस्टमार्टम हेतु भेजने के साथ ही जांच पड़ताल शुरू कर दी थी।
बता दें कि मृतक की पत्नी संध्या के अलावा एक 18 माह का पुत्र अखिल भी है। इसके अलावा पत्नी गर्भवती है। घटना के पीछे वजह का पता नहीं चल सका कि किस कारण जसवंत ने मौत का रास्ता चुना। फिलहाल ठठिया थाना प्रभारी जेपी शर्मा का कहना था कि,पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद घटना की सही तस्वीर और मामले की जांच के बाद ही मामले का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल जसवंत की मौत पर परिजनों के करुण क्रंदन का सिलसिला जारी था।