ईस्ट इंडिया टाइम्स ब्यूरो चीफ/ आमिर हुसैन

उत्तराखंड
बाजपुर/ उधमसिंह नगर: 20 अगस्त- नगर पालिका परिषद बाजपुर के लोकप्रिय अध्यक्ष गुरजीत सिंह ‘गित्ते’ व ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि स. जोरावर सिंह भुल्लर ने पालिका सभागार में संयुक्त रूप से प्रेसवार्ता कर भीतरघातियों को कांग्रेस से बाहर का रास्ता दिखाने की माँग कांग्रेस हाईकमान से की है। उन्होंने कांग्रेस संगठन के भीतर पनप रही अनुशासनहीनता को गंभीर चुनौती बताते हुए कहा कि यह प्रवृत्ति पार्टी के भविष्य के लिए खतरनाक है। उन्होंने आरोप लगाया कि ब्लॉक प्रमुख चुनाव में पार्टी की अधिकृत प्रत्याशी सुखमन कौर औलख के खिलाफ कुछ पूर्व कांग्रेस पदाधिकारियों ने खुलेआम भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में प्रचार किया और कांग्रेस को हराने की साजिश रची। यह न केवल पार्टी के जनाधार पर चोट है, बल्कि निष्ठावान कार्यकर्ताओं के मनोबल को तोड़ने का सुनियोजित प्रयास भी है। चेयरमैन गित्ते ने यह भी आरोप लगाया कि जनवरी में हुए पालिका चुनावों में भी यही लोग कांग्रेस से बगावत कर पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ मैदान में उतरे थे। इस मौके पर ब्लॉक प्रमुख सुखमन कौर औलख के पति जोरावर सिंह भुल्लर ने भी चेयरमैन गुरजीत सिंह ‘गित्ते’ का समर्थन करते हुए कहा कि यदि कांग्रेस पार्टी प्रदेश में अपने संगठनात्मक ढ़ांचे को मजबूत करना चाहती है तो उसे दोहरी
चाल चलने वाले कार्यकर्ताओं के प्रति सख्त रूख अपनाना होगा। भुल्लर ने चेतावनी दी कि यदि कांग्रेस हाईकमान इस मामले में ठोस कार्रवाई नहीं करता है तो निष्ठावान कार्यकर्ताओं का मनोबल टूटेगा और भविष्य के चुनावों में संगठन को भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है। बाजपुर में चौथी बार पालिका अध्यक्षी संभाल रहे गुरजीत सिंह ‘गित्ते’ ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि यदि कांग्रेस संगठन इन लोगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं करता है तो वे और उनके साथ खड़े निष्ठावान कार्यकर्ता कठोर कदम उठाने के लिए बाध्य होंगे। वे बोले, अगर पार्टी ही अनुशासनहीनों को संरक्षण देगी तो निष्ठावान कार्यकर्ताओं से निष्ठा निभाने की उम्मीद करना बेमानी है।

By jamal

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *