×

अयोध्या में बाल वैज्ञानिकों ने प्रदर्शित किए अपने वैज्ञानिक मॉडल

फिरोजाबाद-

उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य विज्ञान शिक्षा संस्थान, प्रयागराज के अंतर्गत माध्यमिक शिक्षा विभाग अयोध्या के तत्वाधान में 52 वीं जवाहरलाल नेहरु बाल विज्ञान मॉडल प्रदर्शनी का राज्य स्तरीय आयोजन एस. एस. वी. इंटर कॉलेज, अयोध्या में दिनाँक 17 से 20 दिसम्बर 2024 को आयोजित किया जा रहा है। जिसमें जिला विद्यालय निरीक्षक फिरोजाबाद धीरेन्द्र कुमार के निर्देशन में जनपद फिरोजाबाद के नोडल अधिकारी अश्वनी जैन के साथ जनपद की प्रतिभाएं अपना प्रदर्शन कर रही हैं।
अश्वनी कुमार जैन ने बताया कि इस प्रदर्शनी का मुख्य विषय सतत भविष्य के लिए विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी है। इस प्रदर्शनी में सर्वप्रथम जनपद स्तर पर चयनित प्रतिभागियों ने आगरा मंडल स्तरीय प्रदर्शनी में प्रतिभाग किया था। जिसमें प्रदर्शनी के द्वितीय दिवस पर जनपद फिरोजाबाद के श्री एम. डी. जैन इंटर कॉलेज, सिरसागंज की छात्रा कु साधना एवं वासुदेव ने जूनियर वर्ग में आपदा प्रबंधन उपविषय में अपने मॉडल निर्णायक मंडल के समक्ष प्रस्तुत किया। इसी के साथ कृषक इंटर कॉलेज पचोखरा के मार्गदर्शक शिक्षक हिमांशु भारद्वाज के साथ विद्यालय के युवराज सिंह ने जूनियर वर्ग में यातायात एवं संचार, श्री आर आर एम इंटर कॉलेज बछगाँव की छात्रा कु गुनगुन ने जूनियर वर्ग में प्राकृतिक खेती पर एवं तिलक विद्यालय इंटर कॉलेज, फ़िरोज़ाबाद के आयुष शर्मा ने सीनियर वर्ग में संसाधन प्रबंधन से सम्बंधित मॉडल निर्णायक मंडल के समक्ष प्रस्तुत किया। सभी निर्णायक मंडल ने बच्चों के मॉडलों की प्रशंसा करते हुए उनकी सराहना की। जनपद के सभी प्रतिभागियों को राज्य स्तर पर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन प्रदान करने के लिए जिला विद्यालय निरीक्षक फिरोजाबाद धीरेन्द्र कुमार एवं समस्त प्रधानाचार्य, शिक्षक साथी लोकेन्द्र सिंह, सुमित कुमार सिंह, हिमांशु भारद्वाज ने शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Post Comment

You May Have Missed