राजेन्द्र सिंह धुऑंधार

कन्नौज। महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान को लेकर प्रदेश सरकार द्वारा चलाए जा रहे मिशन शक्ति नारी सुरक्षा–नारी सम्मान फेज 5.0 एंटी रोमियो अभियान के तहत गुरुवार को ठठिया पुलिस ने गांवों में पहुंचकर महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक किया। थाना ठठिया के उपनिरीक्षक विनोद कुमार, कांस्टेबल आदित्य तिवारी, महिला कांस्टेबल क्षमा वर्मा, सुरीति, सोनम व रिचा ने धौरारा और उमरायपुरवा गांव में चौपाल लगाई। यहां बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाओं और बालिकाओं ने भाग लिया। पुलिस टीम ने उन्हें महिला सुरक्षा, साइबर अपराध और कानूनी अधिकारों की विस्तार से जानकारी दी। चौपाल में मौजूद महिला पुलिसकर्मियों ने बताया कि संकट की स्थिति में तत्काल पुलिस सहायता के लिए वीमेन पावर लाइन 1090, यूपी डायल 112, ऑपरेशन कवच, 181 महिला हेल्पलाइन, 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, 1098 चाइल्ड लाइन और 155260 व 1930 साइबर क्राइम हेल्पलाइन जैसे नंबर जारी किए गए हैं। इन नंबरों पर कॉल कर महिलाएं किसी भी समय मदद प्राप्त कर सकती हैं। महिला पुलिसकर्मियों ने बालिकाओं को आत्मरक्षा, पढ़ाई पर ध्यान देने और समाज में आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। चौपाल में मौजूद महिलाओं ने पुलिस की इस पहल को सराहते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रम गांवों की महिलाओं को जागरूक करने में बेहद कारगर साबित होंगे।
पुलिसकर्मियों ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं को भयमुक्त वातावरण देना और उन्हें हर स्तर पर सशक्त बनाना है। ठठिया पुलिस लगातार गांव–गांव जाकर चौपाल आयोजित कर रही है ताकि अधिक से अधिक महिलाएं सुरक्षा व अधिकारों के प्रति जागरूक हो सकें।

By jamal

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *