ईस्ट इंडिया टाइम्स राजेन्द्र सिंह धुऑंधार

कन्नौज। जनपद में गणेश चतुर्थी पर्व को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। बुधवार को जिले में 114 स्थानों पर गणपति बप्पा मोरया की प्रतिमाएं विराजमान होंगी। वहीं आगामी 2 सितंबर को बुढ़वा मंगल के अवसर पर भी भव्य कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
गणेश चतुर्थी पर कन्नौज में 38, गुरसहायगंज में 10, तालग्राम में 3, छिबरामऊ में 16, तिर्वा में 4, ठठिया में 9, विशुनगढ़ में 3 और सौंरिख में 10 स्थानों पर गणेश प्रतिमाओं की स्थापना होगी। घरों से लेकर मंदिरों और सार्वजनिक स्थलों पर गजानन की भव्य आराधना की तैयारियां अंतिम चरण में हैं।तिर्वागंज स्थित श्री शनिदेव मंदिर, मंडी बाजार में 20वां गणेश महोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। यहां बुधवार को कलश पूजन और कथा का शुभारंभ होगा। पांच सितंबर को हवन व भंडारा तथा छह सितंबर को विसर्जन यात्रा निकाली जाएगी।
समिति के पदाधिकारियों के अनुसार आरती प्रतिदिन सुबह 8:30 और शाम 8 बजे होगी। कथा का रसपान कराने के लिए वृंदावन धाम से कथावाचिका नीतू किशोरी पधारी हैं, जो प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से रात 8 बजे तक भक्तों को कथा सुनाएंगी। इसके अलावा मोनू बृजवासी झांकी ग्रुप, झीझक (कानपुर देहात) के कलाकार प्रतिदिन रात्रि 8 बजे से जीवंत झांकियों का प्रस्तुतीकरण करेंगे।
ठठिया खेड़ा कमेटी गणपति बप्पा की स्थापना करने के बाद 1 सितंबर को इन्द्रेश्वर नाथ मंदिर के प्रांगण में जवाबी कीर्तन का आयोजन करेगी। यहां भी श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या में जुटने की संभावना है।
बुढ़वा मंगल के दिन तिर्वागंज स्थित रामलीला मैदान में 2 सितंबर को बुढ़वा मंगल पर महावीर मंदिर सेवा समिति के तत्वावधान में हनुमान बाबा एवं खाटू श्याम का विशाल जागरण होगा। समिति अध्यक्ष शिवनारायण शर्मा व अन्य पदाधिकारियों ने बताया कि दिन में हवन-पूजन के बाद रात्रि 8 बजे से जागरण कार्यक्रम होगा।
इसमें कलाकार रुचि किनकर शिवतांडव नृत्य प्रस्तुत करेंगी। जागरण में कानपुर के रवि कंचन, शाहजहांपुर के सौरव विचित्र, फिरोजाबाद की कविता आचार्य सहित कई प्रसिद्ध कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से भक्तों को भावविभोर करेंगे।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
भक्तिमय आयोजनों को लेकर नगर में उत्साह का माहौल है। वहीं स्थानीय प्रशासन ने सुरक्षा व व्यवस्थाओं को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं।

By jamal

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *