रिपोर्ट
राजेन्द्र सिंह धुऑंधार

ठठिया(कन्नौज)। शनिवार दोपहर एक दर्दनाक घटना ने पूरे महसैया गांव को शोक में डुबो दिया। ठठिया थाना क्षेत्र के महसैया निवासी विकास (14 वर्ष), पुत्र भईया लाल, जो पशु चराने के लिए गांव से कुछ दूरी पर ईशन नदी किनारे गया था, भैंस को बचाने के प्रयास में नदी के तेज बहाव में बह गया। रविवार शाम तक किशोर का कोई सुराग नहीं मिला है और पुलिस व ग्रामीण उसकी तलाश में जुटे हैं। जानकारी के अनुसार, शनिवार दोपहर विकास अपने पशुओं को चराने के लिए ईशन नदी किनारे गया था। उसी दौरान एक भैंस अचानक नदी में उतर गई। उसे बाहर निकालने के लिए विकास ने अपने कपड़े और चप्पल नदी किनारे उतार कर रखे और पानी में उतर गया। लेकिन तेज बहाव में वह स्वयं बह गया। शाम तक न तो किशोर लौट पाया और न ही भैंस। खोजबीन करने पर नदी किनारे उसके कपड़े और चप्पल बरामद हुए, जबकि भैंस दूसरे गांव में मिली। रविवार सुबह से परिजन और ग्रामीण नदी में उसकी तलाश कर रहे हैं। ठठिया थाना प्रभारी जे.पी. शर्मा ने बताया कि किशोर भैंस को बचाने के प्रयास में बह गया। तलाश जारी है और पुलिस ग्रामीणों के साथ मिलकर नदी क्षेत्र में खोज कर रही है। खबर लिखे जाने तक शव नहीं मिला है। गांव में मातम का माहौल है। परिजन रो-रो कर बेहाल हैं। ग्रामीण प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई और मदद की मांग कर रहे हैं।