राजेन्द्र सिंह धुऑंधार

कन्नौज। महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान को लेकर प्रदेश सरकार के मिशन शक्ति–नारी सुरक्षा, नारी सम्मान फेज 5.0 के तहत गुरुवार को ठठिया पुलिस ने गांवों में चौपाल लगाकर महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक किया। थाना ठठिया के उपनिरीक्षक विनोद कुमार, कांस्टेबल आदित्य तिवारी, महिला कांस्टेबल क्षमा वर्मा, सुरीति, सोनम और रिचा ने धौरारा और उमरायपुरवा गांव में पहुंचकर महिलाओं से संवाद किया। चौपाल में बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं और छात्राएं शामिल हुईं। पुलिस टीम ने महिलाओं को महिला सुरक्षा, साइबर अपराध और कानूनी अधिकारों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। महिला पुलिसकर्मियों ने बताया कि संकट की स्थिति में 1090 वीमेन पावर लाइन, यूपी डायल 112, 181 महिला हेल्पलाइन, 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, 1098 चाइल्ड लाइन, 155260 और 1930 साइबर क्राइम हेल्पलाइन जैसी सेवाओं पर कॉल कर तुरंत मदद प्राप्त की जा सकती है।
महिला पुलिसकर्मियों ने बालिकाओं को आत्मरक्षा के गुर, पढ़ाई पर ध्यान देने और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। चौपाल में मौजूद महिलाओं ने पुलिस की इस पहल की सराहना की और कहा कि इस तरह के कार्यक्रम ग्रामीण महिलाओं को जागरूक करने में बेहद कारगर साबित होंगे।