×

विभिन्न गतिविधियों के साथ दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश, दिलाई, शपथ

फिरोजाबाद ।

विश्व पृथ्वी दिवस के अवसर पर जनपद में सरकारी एवं गैर सरकारी संगठनों द्वारा विभिन्न गतिविधियों का आयोजन कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और शपथ दिलाई। इस दौरान जन आधार कल्याण समिति द्वारा कस्तूरबा गांधी गर्ल्स आवासीय विद्यालय, मौला अली इण्टर कॉलेज एवं प्राथमिक विद्यालय अकबरपुर विकासखंड फिरोजाबाद सहित अन्य स्थानों पर रेड टेप मूवमेंट अभियान चलाया गया।

रेड टेप मूवमेंट के संस्थापक एवं उपनिदेशक, राष्ट्रीय बचत, लखनऊ मण्डल ने समस्त जनपदवासियों को अभियान एवं विश्व पृथ्वी दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि, इस पृथ्वी की हरितिमा और इस पर निर्भर जीवों को बचाने और संरक्षित करने की जिम्मेदारी युवा पीढ़ी पर है, इस पीढ़ी को अपने कार्यों से यह तय करना है कि वह कैसा भविष्य चाहते हैं। हम सभी को मिलकर जलवायु परिवर्तन एवं इसके कारण उत्पन्न जलवायु संकट का समाधान और एक बेहतर भविष्य का निर्माण करना है। साथ ही उन्होंने, इस बात पर बल दिया कि, समस्त विद्यालयों में अनिवार्य रूप से भारत माता कि तरह ही, धरती मां के महत्व व आवश्यकता को दर्शाती हुई तस्वीर होनी चाहिए।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष कुमार पाण्डेय एवं एसआरके महाविद्यालय के प्रो.डॉ. अमित कुमार ने बताया कि, 22 अप्रैल, 1970 को दुनिया ने पहली बार पृथ्वी दिवस मनाया था। जिसके लिए, अमेरिकी राजनेता व पर्यावरण एक्टिविस्ट सीनेटर जेलार्ड नेल्सन को श्रेय जाता है। इसके बाद एक्टिविस्ट डेनिस हायस भी जेलार्ड के साथ इस मुहिम में जुड़ गए। वर्ष 1990 में 141 राष्ट्रों के 20 करोड़ लोगों ने पृथ्वी दिवस मनाया था और साल 1992 में ब्राजील में होने वाली यूनाइटेड नेशंस की एनवायरमेंट और डेवलपमेंट कॉन्फ्रेंस की नींव रखी थी। वर्ष 2025 के पृथ्वी दिवस का विषय है “हमारी शक्ति, हमारा ग्रह”, जो नवीकरणीय ऊर्जा और जलवायु कार्रवाई पर केंद्रित है, तथा जिसका लक्ष्य 2030 तक वैश्विक स्वच्छ बिजली उत्पादन को तीन गुना करना है।

जन आधार कल्याण समिति सचिव प्रवीन कुमार शर्मा ने स्वयं की देखरेख में ज्यादा से ज्यादा पेड़-पौधे लगाने व पर्यावरण को हरा बनाए रखने के साथ साथ नदी, नालों, तालाबों, सड़कों, पार्कों आदि स्थानों पर स्वच्छ बनाए रखने और डस्टबिन का प्रयोग करने के लिए प्रेरित करते हुए अपील की है कि, जिन चीजों की आवश्यकता ना हो, उन्हें ना खरीदें। इस ओवर कंजंप्शन के कारण ही पृथ्वी पर वेस्ट पदार्थों की मात्रा बढ़ती है और आवश्यकता से अधिक का प्रयोग न करें, पानी की बचत करें।

पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए प्रा.वि. अकबरपुर की प्र.अ.सीमा रानी निमेष ने बताया कि, बेसिक शिक्षा विभाग के प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक स्तर पर इको क्लब का गठन किया गया है। जिसमें बच्चों को पर्यावरण से जोड़ते हुए विभिन्न गतिविधियों के साथ छात्र-छात्राओं को पर्यावरण के प्रति जागरूक किया जा रहा है।

पर्यावरण प्रहरी के तौर पर जनपद में कार्य कर रहीं उच्च प्राथमिक विद्यालय दबरई की सहायक अध्यापिका लुबना वसीम ने बताया कि, पर्यावरण के प्रति जागरूकता उत्पन्न करने के उद्देश्य से विद्यालय में पर्यावरण शपथ,नाट्य प्रस्तुति, जागरूकता रैली एवं कला प्रतियोगिता सहित विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया और पेड़ों की जानकारी करने हेतु क्यू आर कोड बना कर मोबाइल से स्कैन करना सिखाया गया। बच्चों ने पर्यावरण संबंधी कविताएं भी लिखीं।

Post Comment

You May Have Missed