ईस्ट इंडिया टाइम्स रिपोर्ट सौरभ दीक्षित


फर्रुखाबाद। थाना कादरीगेट अंतर्गत पांचाल घाट गंगा नदी में दिव्यांग युवक का शव उतराता मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की तथा गोताखोरों की मदद से शव को बाहर निकलवाया। घटना की सूचना मिलने पर पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।
जानकारी के अनुसार थाना कादरीगेट के पुरानी घटिया निवासी संतोष कुमार शुक्ला गंगा घाट पर ही प्रसाद आदि की दुकान लगाते हैं। उनका 18 वर्षीय पुत्र आकाश पैर से दिव्यांग है। बीती शाम लगभग 6:30 बजे वह घर से निकला। देर शाम तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों को चिंता हुई। जिस पर परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की, लेकिन उसका पता नहीं चला। शनिवार को उसका शव पुरानी घटिया पैंटून पुल के निकट गंगा में उतराता मिला। सूचना पर परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक की मां सीमा देवी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। सूचना मिलने पर पांचाल घाट चौकी प्रभारी मोहित मिश्रा फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और शव को निकलवाया। मृतक चार भाई बहनों में सबसे बड़ा था। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।