ईस्ट इंडिया टाइम्स रिपोर्ट आदिल अमान

कायमगंज/फर्रुखाबाद
कंपिल क्षेत्र के गांव धर्मपुर में शनिवार तड़के बाढ़ के पानी के दबाव से मकान का लेंटर और पिछली दीवार भरभरा कर गिर गई। घटना के वक्त परिवार के सभी लोग कमरे में सो रहे थे। धमाके की आवाज सुनकर वे किसी तरह बाहर निकले और जान बचाई।
शुक्रवार रात गांव निवासी तस्लीम अपने कमरे में पत्नी नन्हीं, पुत्र अल्तमस और पुत्रियों फलक व अनम के साथ सो रहा था। अचानक जोरदार धमाके की आवाज आई और मकान का लेंटर व दीवार गिर गई। गनीमत रही कि सभी लोग समय रहते बाहर निकल आए। हादसे में कमरे का सामान क्षतिग्रस्त हो गया और परिवार को काफी नुकसान उठाना पड़ा। तस्लीम ने बताया कि गांव की पुलिया बंद कर दी गई है। इसी कारण बाढ़ का पानी उसके घर तक पहुंच रहा है। पानी के दबाव से मकान की दीवार और लेंटर टूटकर गिर गया। पीड़ित परिवार ने तहसील प्रशासन को मामले की जानकारी दी है।
ग्रामीणों का कहना है कि तस्लीम आर्थिक रूप से बेहद कमजोर है। उसने कर्ज लेकर जैसे तैसे घर बनाया था, लेकिन अब दीवार ढह जाने से परिवार के सामने बड़ा संकट खड़ा हो गया है।