ईस्ट इंडिया टाइम्स राजेन्द्र सिंह धुऑंधार

कन्नौज। तिर्वा कोतवाली क्षेत्र के सगरा गांव में शुक्रवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया जब एक विवाहिता का शव कमरे में फांसी के फंदे से लटका मिला। मृतका की पहचान इंदू (30) पत्नी अजय निवासी सगरा गांव के रूप में हुई है। इंदू मूल रूप से अछल्दा की रहने वाली थी और उसका विवाह करीब सात वर्ष पूर्व अजय पुत्र रामऔतार से हुआ था। दंपति का एक पांच वर्षीय बच्चा भी है। शुक्रवार दोपहर करीब चार बजे इंदू का शव कमरे में फंदे से लटकता देख परिजनों और ग्रामीणों में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना पाकर तिर्वा कोतवाली प्रभारी निरीक्षक संजय शुक्ला व सीओ कुलवीर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया और मामले की जांच शुरू की। इस दौरान मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि इंदू की हत्या कर इसे आत्महत्या का रूप दिया गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद गांव में भारी भीड़ जुट गई और माहौल गमगीन हो गया।