जलनिकासी नही होने से मुख्य मार्ग पर हुआ जलभराव
रिपोर्ट वीरेंद्र तोमर।
बागपत/बिनौली।
शाहपुर बाणगंगा गांव में जलनिकासी नही होने से मुख्य रास्ते पर जलभराव होने से ग्रामीणों को तमाम असुविधाओं का सामना करना पड़ रहा है। वहीं दर्जन भर से अधिक किसानो के खेतों में जलभराव होने से कृषि नही हो पा रही है।
हिंडन नदी के किनारे बसे करीब दो हजार आबादी के शाहपुर बाणगंगा गांव में आधी से अधिक आबादी की जलनिकासी नही होने से एक मुख्य रास्ते पर लंबे समय से जलभराव की स्थिति बनी हुई है। जिससे ग्रामीणों को जहां आने जाने में परेशानी हो रही है। वहीं संक्रामक रोगों के फैलने की भी आशंका बनी रहती है। उधर रास्ते के किनारे स्थित भगवत, हरिओम, धनेशर, सुरेश, विनोद, अमित, कुलदीप, धन्नू, बलराज आदि सहित करीब 17 किसानो के खेतों में हर समय गांव को गंदा पानी भरा रहने से खेतीबाड़ी नही हो रही है। जलनिकासी के लिए बनाया जा रहा नाला भी एक किसान की हठ के चलते बीच में ही रुका है। पिछले एक वर्ष से ग्रामीण समस्या के समाधान के ब्लाक से लेकर जनपद के आला अधिकारियों तक गुहार लगा चुके हैं। फिर भी समस्या जस की तस बनी हुई है। ग्रामीणों ने शासन प्रशासन के अधिकारियों से समस्या के जल्द समाधान की मांग दोहराई है।
Post Comment