शीतलहर से ठिठकी जिन्दगी गलन से लोग बेहाल पांच डिग्री पहुँचा पारा
ईस्ट इंडिया टाइम्स राजेन्द्र सिंह धुआँधार
कन्नौज। मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। पश्चिमी विक्षोभ के असर से पारा लगातार नीचे गिर रहा है। लोग गलन के कारण बेहाल है। वहीं, सुबह
घना कोहरा छाया रहने से दृश्यता भी काफी कम रही। ऐसे में सड़कों पर वाहन रेंगते नजर आए। दिन भर बाजार और सड़कों पर भी सन्नाटा छाया रहा और लोग अलाव के आगे बैठे रहे।पिछले तीन दिन से पारा लगातार गिर रहा है। रविवार को पारा पांच डिग्री पर पहुंच गया, जिससे लोगों की रूह तक कांप उठी। दिन में भी गलन रही, जिससे लोग चेहरा ढंक कर निकले। सुबह घना कोहरा छाया था। दोपहर को कोहरा कम हो गया पर शीतलहर का प्रकोप रहा। दिन भर गलन और ठिठुरन से लोग परेशान रहे। मौसम विभाग के अनुसार न्यूनतम तापमान पांच डिग्री तो अधिकतम 15 डिग्री रिकार्ड किया गया। हवा में नमी की मात्रा 95 फीसदी रही और हवा का वेग 3.4 किलोमीटर प्रतिघंटा रहा। मौसम वैज्ञानिक डॉ. अमरेंद्र कुमार ने बताया कि पहाड़ों की तरफ चल रहीं उत्तर-पश्चिम हवा ने मैदानी इलाकों में गलन बढ़ गई। पश्चिमी विक्षोभ के असर से पहाड़ों पर बर्फबारी हो रही है, जिससे मैदानी इलाके में गलन और शीतलहर का प्रकोप बढ़ गया है। आने वाले तीन दिन तक मौसम सामान्य होने के आसार नहीं है। नमी की मात्रा अधिक होने से घना कोहरा छाया रहेगा।
Post Comment