ईस्ट इंडिया टाइम्स राजेन्द्र सिंह धुऑंधार

कन्नौज। आषाढी पूर्णिमा के पावन पर्व पर तिर्वा नगर के सिद्धपीठ मां त्रिपुर सुंदरी अन्नपूर्णा के दर्शन को हजारों की संख्या में आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। श्रद्धालुओं ने माता के दरवार में माथा टेककर मन्नतें मांगी, और माता के मंदिर परिसर से मिट्टी ले जाना नहीं भूले।
बताते चलें कि, गुरुवार को आषाढी पूर्णिमा का पर्व होने के चलते तिर्वा नगर के सिद्धपीठ में माता के दर्शन को आसपास जिलों के अलावा सुदूर क्षेत्रों से भी हजारों की संख्या में महिला पुरुष बुधवार की देर रात से ही आ पहुंचे थे। गुरुवार की सुबह से दोपहर तक भक्तों की भारी भीड़ लगातार मंदिर पहुंचती नजर आई।
यहां श्रद्धालुओं ने माता के दर्शन कर अन्न का भोग माता को अर्पण किया। मान्यता के अनुसार कि, यहां की मिट्टी अपने खेतों में डालने से मइया की कृपा से फसल बेहतर होती है, इसके अलावा सुख संबद्धि की वर्षा होती है, इसको लेकर श्रद्धालुओं ने माता को प्रसाद, पुष्प आदि का भोग लगाकर मन्नतें भी मांगी।
मंदिर की परिक्रमा करना भी श्रद्धालु नहीं भूले, यहां मंदिर के बाहरी हिस्से में स्थापित हाथियों को भी प्रसाद का भोग लगाया गया। पर्व पर आयोजित भंडारे में जहां लोगों ने बड़ी संख्या में प्रसाद का स्वाद चखा, वहीं मेले में जमकर खरीददारी की।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस बल मौजूद रहा।