राजेन्द्र सिंह धुऑंधार

कन्नौज। शारदीय नवरात्रि पर्व के पावन अवसर पर सोमवार को नवमी तिथि पर जनपद भर में भक्तिभाव से कन्या पूजन व भंडारे का आयोजन किया गया। जगह-जगह धार्मिक स्थलों, मंदिरों तथा घर-घर में श्रद्धालुओं ने नौ कन्याओं एवं एक लड्डू गोपाल को विधिवत पूजन कर उन्हें भोजन कराया। सुबह से ही जनपद के प्रमुख मंदिरों – मां काली मंदिर, दुर्गा मंदिर, सिद्धपीठ काली माई तथा कन्नौज नगर व ग्रामीण अंचल के देवी स्थलों पर विशेष श्रद्धालुओं की भीड़ रही। मां दुर्गा के जयकारों और वैदिक मंत्रोच्चार से वातावरण भक्तिमय बन गया।
नवमी के दिन परंपरा अनुसार कन्याओं के चरण धोकर उन्हें फलाहार, पूड़ी, हलवा, चने व अन्य प्रसाद परोसा गया। भक्तों ने कन्याओं को दान-दक्षिणा, उपहार और चुनरी भेंट कर आशीर्वाद प्राप्त किया। कई स्थानों पर बड़े स्तर पर भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
नगर के समाजसेवी संगठनों, व्यापार मंडलों और स्वयंसेवी संस्थाओं ने भी कन्या पूजन के कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में भी श्रद्धालुओं ने मंदिरों और घरों में कन्याओं को आमंत्रित कर उन्हें भोजन कराया। कन्या पूजन के इन आयोजनों में महिलाओं और बच्चों की विशेष उपस्थिति रही। श्रद्धालुओं ने बताया कि कन्या पूजन से जीवन में सुख-समृद्धि और शांति का आशीर्वाद मिलता है। पूरे जनपद में शारदीय नवरात्रि का समापन धार्मिक उल्लास और आस्था के माहौल में हुआ।