राजेन्द्र सिंह धुंआधार


कन्नौज। समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव की स्मृति में निकाली गई समाजवादी संदेश साइकिल यात्रा का काफिला 6 अक्टूबर को कन्नौज पहुंचा, जहाँ समाजवादी कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक यात्रियों का स्वागत किया। फूलों की वर्षा और नारों के बीच काफिले का स्वागत करते हुए कार्यकर्ताओं ने नेता जी के सिद्धांतों को जन-जन तक पहुँचाने का संकल्प दोहराया। यह यात्रा 1 अक्टूबर, 2025 को लखीमपुर खीरी जिले के लुधौनी से शुरू हुई थी और निरंतर जनता के बीच समाजवादी विचारधारा का प्रचार-प्रसार कर रही है। समाजवादी छात्र सभा के जिला उपाध्यक्ष शुभम यादव, संयोजक आदर्श यादव और संचालक दयाशंकर के निर्देशन में चल रही यह साइकिल यात्रा सीतापुर के नैमिषारण्य जैसे पवित्र स्थल से होते हुए आगे बढ़ रही है।
कन्नौज आगमन पर सपा युवजन सभा के प्रदेश उपाध्यक्ष हसीब हसन ने कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर यात्रियों का जोरदार स्वागत किया। इस मौके पर विधानसभा अध्यक्ष प्रवल प्रताप सिंह ने कहा कि यह यात्रा स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव के सिद्धांतों और नीतियों को जन-जन तक पहुँचाने का कार्य कर रही है। युवाओं का यह जोश बता रहा है कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में प्रदेश में एक नई समाजवादी लहर उठेगी। स्वागत समारोह में श्याम सिंह यादव (जिला पंचायत सदस्य), नेम सिंह यादव (पूर्व जिला पंचायत सदस्य), सपा नेता विवेक पाल, सेक्टर प्रभारी नितिन यादव, तुफैल अहमद, आनंद बाबू यादव, अनुज यादव, शिब्बू तिवारी, जुनैद खान, मसूद अहमद भुट्टो, दीपक यादव और अनुराग यादव सहित कई समाजवादी नेता उपस्थित रहे। यह समाजवादी संदेश साइकिल यात्रा 9 अक्टूबर को सैफई पहुंचकर संपन्न होगी।