ईस्ट इंडिया टाइम्स राजेन्द्र सिंह धुऑंधार

कन्नौज। प्राइवेट अस्पताल में छात्रा की मौत के बाद भड़का गुस्सा थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार की शाम दिवंगत छात्रा को श्रद्धांजलि देने के बाद आरोपी डॉक्टर की गिरफ्तारी की मांग को लेकर व्यापारियों समेत अन्य संगठनों के लोग छिबरामऊ कोतवाली पहुंच गए। यहां कोतवाली का घेराव कर पुलिस के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। पुलिस से नोकझोंक के दौरान भीड़ में से काफी लोग पश्चिमी बाईपास पर पहुंच गए और जाम लगा दिया। यहां पुलिस मुर्दाबाद के नारे के साथ पथराव शुरू कर दिया। इससे बौखलाई पुलिस ने लाठियां भांज दीं जिससे कई लोग घायल हो गये। पुलिस ने मामले मे 15 नामजद व 150 अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। रविवार को छिबरामऊ निवासी राजेश गुप्ता की 15 वर्षीय बेटी रुचि को बुखार आने पर छिबरामऊ में कृष्णा हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। यहां इंजेक्शन लगने के बाद उसकी हालत बिगड़ गई और फिर मौत हो गई। मामले से भड़के लोगों ने रविवार को देर रात जाम लगाए रखा था। और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे थे। देर रात अस्पताल सीज होने व आरोपियों पर रिपोर्ट दर्ज होने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया था। देर रात तक सड़क पर जाम लगा रहा था। अगले दिन सोमवार को पीपल चौराहे पर दिवंगत छात्रा को श्रद्धांजलि देने को सभा आयोजित की जानी थी। यहां व्यापारियों समेत कई संगठन के लोग मौजूद थे। सभा में आरोपी के खिलाफ पुलिस के ढुलमुल रवैया को लेकर नाराजगी जाहिर की गई। भीड़ बढ़ने के साथ आक्रोश भी बढ़ा और भीड़ ने छिबरामऊ कोतवाली पहुंचकर घेराव कर दिया। सभी लोग कोतवाली गेट पर ही धरना देकर बैठ गए और नारेबाजी करने लगे। कोतवाली में घुसने के प्रयास में पुलिस से नोकझोंक हुई। तभी आक्रोशित युवकों ने पश्चिमी बाईपास पर जाम लगा दिया। इसके साथ ही मुर्दाबाद के नारे लगाए। जाम की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और लोगों को समझाने का प्रयास किया। भीड़ डॉक्टर की गिरफ्तारी की मांग पर अड़ी हुई थी। तभी किसी ने पुलिस पर पथराव कर दिया। इससे बौखलाई पुलिस ने भीड़ पर लाठियां बरसा दीं। पुलिस के तेवर देख भीड़ तितर बितर होने लगी। इस दौरान कई लोग घायल हो गये। छिबरामऊ कोतवाली के दरोगा राजेश प्रताप सिंह ने दीपक गुप्ता, आदेश गुप्ता, अतुल पाल, शिवम तिवारी, सतेन्द्र, सचिन, आलोक पाल, वैभव, माजिद अंसारी, चन्द्रशेखर गुप्ता, मयंक गुप्ता, गोपाल दुवे, संजीव ठाकुर, अमन यादव, ध्रुव गुप्ता सहित 20 से अधिक लडकियों व महिलाओं एवं 80 से 120 अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।

By jamal

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *